राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

शरद पवार से मिले प्रफुल्ल पटेल

मुंबई। सुनेत्रा पवार की एनसीपी के सांसद प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में जाकर एनसीपी के संस्थापक शरद पवार से मुलाकात की। पवार ने उनसे 10 नवंबर के बाद मिलने को कहा है। दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटे के शरद पवार से मिलने के बड़े राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। इस बीच सुनेत्रा पवार ने भी पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की। लगभग सभी विधायक उस बैठक में शामिल हुए और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में भरोसा जताया।

गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार की एनसीपी के गैर मराठा नेताओं की सक्रियता से दोनों एनसीपी के विलय की चर्चा तेज हो गई है। बहरहाल, शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच गुरुवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल 10 नवंबर के बाद मुंबई में फिर मुलाकात कर चर्चा करेंगे। शुक्रवार को इस मुलाकात का वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों नेता 10 नवंबर के बाद मुलाकात पर सहमति जताते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, बातचीत किन मुद्दों पर होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। गौरतलब है कि पिछले दिनों सुनेत्रा पवार की एनसीपी के छह नेताओं ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी।

बहरहाल, शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात के बाद एक बार फिर दोनों गुटों के एक होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों पार्टियों ने विलय से इनकार किया है। शरद पवार भी पहले स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी पार्टी किसी दूसरी पार्टी में विलय नहीं करेगी। इस बीच, सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्री बनने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने संकेत दिया है कि आगामी कैबिनेट विस्तार में उन्हें जगह मिल सकती है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार को फोन कर उनकी तबीयत का हाल पूछा था। पवार के एक करीबी के मुताबिक, मोदी ने उन्हें आराम करने की सलाह दी और कहा कि सुप्रिया सुले राजनीतिक जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। इस बीच यह भी खबर है कि शरद पवार की पार्टी के कई नेता भाजपा के संपर्क में हैं।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment