नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर गुरुवार को अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। गुरुवार को दोपहर दो बजे के करीब स्पाइसजेट का विमान अकासा एयर के विमान से टकरा गया। इस दुर्घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई है। हालांकि दोनों विमानों को नुकसान हुआ है। घटना के बाद हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बताया गया है कि अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट नंबर क्यूपी 1406 पार्किंग बे से पुशबैक कर रहा था, तभी लेह से दिल्ली आया स्पाइसजेट का बी 737-700 विमान टेक्सी वे से गेट की तरफ बढ़ते समय उससे टकरा गया। हादसे में स्पाइसजेट विमान के राइट विंगलेट टूट गया। दूसरी ओर अकासा के प्लेन के लेफ्ट होरिजोंटल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा है।
घटना के तुरंत बाद ग्राउंड क्रू ने दोनों विमानों के सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से निकाल लिया। घटना के बाद स्पाइसजेट और अकासा के प्लेन दिल्ली में ही ग्राउंड कर दिए गए हैं, यानी इन्हें अगली उड़ाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। घटना की जांच की जा रही है। अकासा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट क्यूपी 1406 को 16 अप्रैल 2026 को वापस पार्किंग एरिया में लौटना पड़ा। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से भेजने का बंदोबस्त किया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


