यूरोप के कई देश अंधेरे में डूबे हैं। ब्लैकआउट की वजह से कई देशों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है, जिससे जनजीवन ठहर गया है। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार की शाम चार बजे के करीब यूरोप के देशों स्पेन, पुर्तगाल और फ्रांस में ब्लैकआउट हो गया। इससे तीनों देशों के मेट्रो, एयरपोर्ट, रेल और मोबाइल नेटवर्क ठप हो गए। इस ब्लैकआउट से लाखों लोग बिना बिजली के रहने पर मजबूर है। अस्पतालों में भी कामकाज ठप हुआ।
यूरोप में ब्लैकआउट: पुर्तगाल, स्पेन और फ्रांस प्रभावित
यूरोप की मीडिया के मुताबिक पुर्तगाल और स्पेन की राजधानियों में कई मेट्रो ट्रेन स्टेशन के बीच सुरंगों में फंस गई हैं। लोग इन मेट्रो में फंसे हुए हैं। पुर्तगाल पुलिस ने पुष्टि की है कि ट्रेनों का संचालन बंद है, पोर्टो और लिस्बन दोनों शहरों में मेट्रो सेवाएं बंद कर दी गई हैं और पूरे देश में ट्रैफिक सिग्नल भी प्रभावित हुए हैं। उधर फ्रांस के दक्षिण पश्चिम में अलारिक माउंटेन पर आग लग गई है। इससे पेरपिगन और पूर्वी नारबोन के बीच एक हाई वोल्टेज इलेक्ट्रिसिटी लाइन को नुकसान पहुंचा है।
पुर्तगाल की राष्ट्रीय विद्युत कंपनी आरईएन ने कहा कि इस आग को ब्लैकआउट का एक संभावित कारण माना है। यह भी कहा जा रहा है कि यूरोप की इलेक्ट्रिक ग्रिड में खराबी इस ब्लैकआउट की वजह हो सकती है। उधर स्पेन के बिजली ग्रिड के प्रमुख ने कहा है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने में 10 घंटे तक का समय लग सकता है। दूसरे कई जानकार भी बता रहे हैं कि छह से 10 घंटे में बिजली व्यवस्था बहाल होगी।
Also Read: आज यूपी माफिया, दंगा, गुंडा और अपराध मुक्त भी है: सीएम योगी
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




