राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहराया ‘अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान’ अर्नब

मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बेहद तेजी से और मजबूत होकर ‘अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान’ में तब्दील हो गया है। इस कारण कई तटीय इलाकों में आज (27 अक्टूबर) और 28 अक्टूबर को भारी से भारी बारिश का अनुमान लगाया गया हे। विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तटों के लिए ‘रेड अलर्ट ‘ जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्टूबर की शाम को यह चक्रवात ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ की श्रेणी पहुंच गया था और आधी रात में यह ‘अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान’में तब्दील हो गया। मंगलवार 27 अक्टूबर को सुबह साढ़े आठ बजे यह विशाखापत्तनम से लगभग 220 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित था।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अर्नब 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और इसके बाद, यह उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ेगा। यह बुधवार 28 अक्टूबर की सुबह/पूर्वाह्न तक इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के पास एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश तथा यानम तटों को पार करने की संभावना है। तट से टकराते समय हवा की अधिकतम रफ्तार 125 से 135 किमी प्रति घंटे रहने और बढ़कर 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। चक्रवात ‘अर्नब’ पर विशाखापत्तनम स्थित डॉपलर वेदर रडार से लगातार नजर रखी जा रही है।

Also Read : बिरला ने चीन को सौंपी 13वें ब्रिक्स संसदीय मंच की अध्यक्षता

मौसम विभाग की जारी भारी बारिश की चेतावनी में कहा गया है कि तटीय आंध्र प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेमी) तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (21 सेमी से अधिक) होने की संभावना है। गुरूवार को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में पृथक स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

मंगलवार को दक्षिण ओडिशा में भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश, जबकि उत्तर ओडिशा में भारी बारिश का अनुमान है। बुधवार को भी दक्षिण ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश और उत्तर ओडिशा में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

मंगलवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है जबकि 28 अक्टूबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। 29 अक्टूबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होगी।

तेलंगाना में 28 अक्टूबर को पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है।

पूर्वी विदर्भ में 28 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में 28, 29 और 30 अक्टूबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वी और उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

Pic Credit : UNI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment