अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस तीनों आरोपियों को सड़क मार्ग से कोटा से मुंबई लेकर आई और यहां पहुंचते ही अनिवार्य चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया।
आरोपियों को चिकित्सकीय जांच के बाद पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ (एईसी) के कार्यालय ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, मूल रूप से बिहार के बेगूसराय के रहने वाले और वर्तमान में मुंबई में रह रहे ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन तथा हरियाणा निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है।
कोटा शहर की पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया था। मुंबई पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और वहां एक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। अदालत ने आरोपियों को मुंबई ले जाने के लिए ‘ट्रांजिट रिमांड’ की मंजूरी दे दी।
इस बीच, अधिवक्ता अजिंक्य मिरगल बुधवार सुबह मुंबई में एईसी के कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को बताया कि वह इस मामले में आरोपियों की ओर से पैरवी करेंगे।
मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर रविवार शाम गोलियां चलाई थीं और वे फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। इस हमले में अभिनेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई लेकिन उनका वाहन चालक और घटनास्थल के पास मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गए थे।
मुंबई पुलिस के अनुसार, कार पर पांच-छह गोलियां चलाई गईं। हमलावरों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस हालत में मिली थी।
Also Read : जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बस के खाई में गिरने 17 लोग घायल
आरोपी वारदात के बाद सूरत भाग गए थे और वहां से जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। तीनों की योजना बस से दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की थी। मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रेहान लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित के संपर्क में था। इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने मंगलवार को गोलीबारी के मामले में दो महिलाओं समेत चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।
एक अधिकारी ने पहले बताया था कि पुलिस को संदेह है कि ये आरोपी विदेश से आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहे गैंगस्टर अनिल पंडित के निर्देश पर काम कर रहे थे।
इन चार आरोपियों की पहचान कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। इन्हें दिल्ली और हरियाणा से पकड़ा गया था।
पुलिस के अनुसार, कुणाल ने अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से कथित तौर पर एक पिस्तौल और 20 कारतूस लिए थे। इस दौरान सुमित भी उसके साथ था। राधा और बबीता कथित तौर पर हथियार लेकर मुंबई गई थीं।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, जिस तरह से श्रॉफ पर हमला किया गया, उससे पता चलता है कि हमलावरों की साजिश उनकी हत्या करने की थी।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



