नई दिल्ली। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है लेकिन अब भी यह 105वें स्थान पर है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स की 2024 में 127 देशों में पोषण से जुड़े कई मानकों का आकलन किया गया है, जिसमें भारत 105वें नंबर पर है। पिछले साल 125 देशों में भारत 111वें स्थान पर था और उससे पहले 2022 में 121 देशों में से 107वें स्थान पर था। इस तरह कहा जा सकता है कि वर्ष 2024 में भारत की स्थिति पिछले दो साल की तुलना में थोड़ी बेहतर है।
हालांकि भारत के हंगर इंडेक्स का स्कोर अब भी 27.3 है जो गंभीर बना हुआ है। इस सूची के मुताबिक पाकिस्तान, अफगानिस्तान की हालत भारत से भी खराब है। लेकिन नेपाल, बांग्लादेश, कंबोडिया, फिजी, श्रीलंका जैसे देश भूख से अपने लोगों को बचाने में भारत से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि ग्लोबल हंगर इंडेक्स से पता चलता है है कि किसी भी देश में भुखमरी की स्थिति क्या है। इस सूची को हर साल कंसर्न वर्ल्डवाइड और वर्ल्ड हंगर हेल्प नाम का यूरोपीय एनजीओ तैयार करते हैं। दुनिया भर के अलग अलग देशों में चार पैमानों का आकलन करने के बाद इंडेक्स को तैयार किया जाता है।
इससे पहले 2023 की ग्लोबल हंगर इंडेक्स की रिपोर्ट को लेकर भारत में विवाद हुआ था। भारत ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया था। तब भारत 125 देशों की सूची में 111वें स्थान पर था। इसके मुताबिक भारत में भुखमरी की स्थिति गंभीर है। इस साल भी मामूली सुधार के बावजूद भारत की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

