श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर बुधवार को बड़ा हमला किया। इस हमले में एक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। आतंकवादियों ने अनंतनाग के लाल चौक इलाके में यह हमला किया था। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग की।
सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले के बाद आतंकी भाग गए। लश्कर ए तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। जिस जगह फायरिंग हुई, वह शहर का मुख्य बाजार है। यहां आम दिनों में भी काफी भीड़ रहती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


