राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

25 राज्यों में दो दिन भारी बारिश होगी

नई दिल्ली। मॉनसून समय से सात दिन की देरी से भारत पहुंचा और कुछ दिन तक अटका भी रहा लेकिन अब यह देश के 80 फीसदी हिस्सों में पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन में देश के 25 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की संभावना को देखते हुए कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में दो दिन में भूस्खलन की कई घटनाएं हो चुकी हैं। उधर उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से बद्रीनाथ हाईवे बह गया है। खराब मौसम की वजह से केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक देश के 25 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। इनमें हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्य शामिल हैं। तभी इन राज्यों में कई तरह की सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इनके अलावा जम्मू कश्मीर में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के सभी राज्यों- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। इनके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में दो दिन भारी बारिश हो सकती है।

बहरहाल, मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में तेजी से मॉनसून पहुंचा है। रविवार को दिल्ली और मुंबई में मॉनसून का एक साथ आगमन हुआ। कुछ पहाड़ी राज्यों में अगले एक हफ्ते तक तेज बारिश होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में भी मॉनसून की बारिश होगी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *