नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जंग और तेज हो गई है। आठवें दिन भी अमेरिका ने ईरान पर हमले जारी रखे हैं और जवाब में ईरान भी खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने दावा किया है कि उसने खुजेस्तान प्रांत के अहवाज में अमेरिका के एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को इंटरसेप्ट कर मार गिराया। ईरानी सरकारी मीडिया ने ड्रोन गिराने का वीडियो भी जारी किया है।
ईरान ने इससे पहले भी एमक्यू-9 ड्रोन मार गिराया था। आईआऱजीसी ने कहा है कि, उसने अपने नए डिफेंस सिस्टम से ड्रोन को निशाना बनाया। हालांकि अमेरिका ने अब तक न तो ड्रोन गिराए जाने के दावे की पुष्टि की है और न ही जारी वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने लगातार आठवीं रात ईरान के खिलाफ हवाई हमले किए। इससे पहले अमेरिका ने जानकारी दी थी कि जॉर्डन में ईरान के मिसाइल हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई, जबकि एक सैनिक लापता है। इसी का बदला लेने के लिए आठवें दिन अमेरिका ने भीषण हमला किया।
उधर आईआरजीसी की नौसेना ने दावा किया है कि होर्मुज की खाड़ी से निकलने की कोशिश कर रहे दो जहाज हादसे का शिकार होकर रुक गए, जबकि दो अन्य जहाजों ने आगे बढ़ने से इनकार कर दिया। हालांकि आईआरजीसी ने यह नहीं बताया कि हादसा कैसे हुआ। उसने दावा किया कि इन जहाजों ने नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए और चेतावनियों की अनदेखी की। उसने कहा कि तेल, गैस या उर्वरक ले जाने वाले जहाजों को पहले अनुमति लेनी होगी और ईरान की तय समुद्री मार्ग का ही इस्तेमाल करना होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


