राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा

नई दिल्ली/श्रीनगर। जम्मू कश्मीर और हरियाणा पुलिस ने एक बड़े आतंकी म़ॉड्यूल का खुलासा किया है। इसके तार जम्मू कश्मीर से लेकर दिल्ली से सटे फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के लखनऊ व सहारनपुर से जुड़े हैं। जम्मू कश्मीर में इस नेटवर्क से जुड़े आतंकियों के यहां से 29 सौ किलो विस्फोटक बरामद हुआ है। इसी क्रम में हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर के घर से 360 किलो विस्फोटक, संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया है। इसके साथ ही असॉल्ट राइफल और कारतूस भी मिले हैं।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने छापा मार कर डॉक्टर मुजम्मिल शकील को गिरफ्तार किया। यह डॉक्टर फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था। यह पुलवामा के कोइल का रहने वाला है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने लखनऊ से भी एक महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया है। शाहीन डॉक्टर मुजम्मिल शकील की गर्लफ्रेंड है।

बताया गया है कि मुजम्मिल, डॉक्टर शाहीन की कार इस्तेमाल करता था। शाहीन की कार से ही रविवार को कश्मीर में एके 47 राइफल, जिंदा कारतूस और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई थी। इससे पहले सात नवंबर को जम्मू कश्मीर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। वह कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है। आदिल अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज, जीएमसी में प्रैक्टिस करता था। 2024 में उसने वहां से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह सहारनपुर में प्रैक्टिस करने लगा।

बताया गया है कि डॉ. मुजम्मिल ने फरीदाबाद के धौज गांव में तीन महीने पहले किराए पर कमरा लिया था। हालांकि वह यहां रहता नहीं था, सिर्फ सामान रखने के लिए कमरे का इस्तेमाल करता था। जम्मू कश्मीर पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार आतंकियों के पास से अब तक कुल 29 सौ किलो आईईडी बनाने की सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि यह मॉड्यूल जैश ए मोहम्मद और अंसर गजवात उल हिंद जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम करते थे और सोशल मीडिया व एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देते थे।

पूरे मामले की जानकारी देते हुए फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से हरियाणा और जम्मू कश्मीर पुलिस का एक साझा अभियान चल रहा था। वह अब भी जारी है। इसके तहत  एंटी टेरर मॉड्यूल पर काम करते हुए दोनों राज्यों की पुलिस ने फरीदाबाद से एक व्यक्ति को पकड़ा था, जिसका नाम डॉक्टर मुजम्मिल शकील है। उसके कमरे से 360 किलो विस्फोटक बरामद की गई। ऊसके पास के असॉल्ट राइफल, गोलियां और बहुत सी चीजें बरामद हुईं। उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच अभी चल रही है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *