इंफाल। मणिपुर में कुकी और मैती समुदाय के बीच बड़ी हिंसक झड़प के दूसरे दिन यानी गुरुवार को भी कई इलाकों में हिंसा हुई। कर्फ्यू के बावजूद कई जगह आगजनी की खबर है। राजधानी इंफाल के न्यू चेकॉन इलाके में गुरुवार को नए सिरे से हिंसा भड़क गई। कर्फ्यू के बावजूद कुछ घरों में आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारी सुरक्षा बलों से भिड़ गए। इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। रैपिड एक्शन फोर्स, आरएएफ ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
इससे पहले इंफाल के लाम्फेल इलाके में बुधवार रात उद्योग मंत्री नेमचा किपजेन के सरकारी बंगले में आग लगा दी गई थी। किपजेन उस समय घर पर नहीं थीं। हालांकि फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। किपजेन भाजपा के सात कुकी विधायकों में से एक हैं और राज्य की एकमात्र महिला मंत्री हैं। किपजेन उन 10 कुकी विधायकों में शामिल हैं जिन्होंने अलग प्रशासन की मांग की है।
गौरतलब है कि ताजा हिंसा से पहले मैती बहुल कांगपोकी जिले में मंगलवार रात हुए हमले में नौ लोगों की जान चली गई थी और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। पुलिस ने बताया कि कांगपोकी से सटे खामेलोक गांव और इंफाल पूर्वी जिले में हमला किया गया था। हमलावर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। मारे गए सभी लोग खामेलोक गांव के थे। मंगलवार को ही बिष्णुपुर जिले में भी हिंसा हुई थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




