मुंबई। भारत के दौरे पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पाकिस्तान और चीन के साथ संबंधों को लेकर अमेरिका का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अमेरिका को सभी देशों के साथ बात करनी पड़ती है। रूबियो ने मंगलवार को मुंबई पहुंचने पर एक निजी टेलीविजन चैनल के साथ बातचीत में कहा कि पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार हैं और उसकी भौगोलिक स्थिति भी ऐसी है कि उससे बातचीत जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और पाक वार्ता करें तो भारत की चिंताओं को दूर करने में मदद मिल सकती है।
रूबियो ने अपने इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका को उन देशों के साथ भी राजनयिक संबंध बनाए रखने पड़ते हैं, जिनसे उसके मतभेद हैं। उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत भी ईरान के साथ संबंध रखता है और वहां के नेताओं से मुलाकात करता है। रूबियो ने कहा कि विदेश नीति में अलग अलग देशों के साथ रिश्तों का संतुलन बनाए रखना मुश्किल है, लेकिन ऐसा करना जरूरी है।
हालांकि इसके साथ ही मार्को रूबियो ने यह भी कहा कि अमेरिका दुनिया में कहीं भी आतंकवाद का समर्थन करने वालों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अगर भारत के पाकिस्तान से संबंध हैं और दोनों देश आपस में बात कर सकते हैं, तो इससे भारत की चिंताओं वाली गतिविधियों को रोकने में मदद मिल सकती है। रूबियो ने ईरान की सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उसके साथ समझौता करना मुश्किल है। उन्होंने कहा, ‘दुर्भाग्य से, ईरान के नेता समझौता करना नहीं जानते। वहां कट्टरपंथी शिया धर्मगुरुओं का प्रभाव है। मैं सभी शिया धर्मगुरुओं की बात नहीं कर रहा, बल्कि उन कट्टरपंथी धर्मगुरुओं की बात कर रहा हूं, जो धर्म के आधार पर फैसले लेते हैं। ऐसे लोगों के साथ समझौता करना बहुत मुश्किल है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



