नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब बुधवार को तड़के साढ़े तीन बजे के करीब आंध्र प्रदेश के समुद्र तट से टकराया। उसके बाद से आंध्र के कई इलाकों में खूब तेज हवा चल रही है और भारी बारिश हो रही है। इससे आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई है। बारिश के कारण 57 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चक्रवाती तूफान के कारण 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर 21 उड़ानें रद्द की गईं।
आंध्र के अलावा ओडिशा में भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते 16 जिलों में स्कूल बंद हैं। वहां 30 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चार हजार साइक्लोन शेल्टर बनाए गए हैं। इन दो राज्यों के अलावा नौ राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच भारतीय वायु सेना ने चक्रवात अर्नब से प्रभावित विजयवाड़ा में 23 टन राहत सामग्री पहुंचाई। इसके लिए दो सी 130जे विमानों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम भी भेजी गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



