राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

‘जेन जी’ से मोदी का संवाद

नई दिल्ली। जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘जेन जी’ से सीधा संवाद किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स यानी एसआरसीसी में मोदी ने शनिवार की शाम को छात्रों के साथ संवाद किया और उन्हें संबोधित भी किया। मोदी ने अपने भाषण में कहा, ‘मुझे देश पर भरोसा है। देश के युवाओं पर भरोसा है। मुझे विश्वास है हम 140 करोड़ भारतीय मिलकर विकसित भारत को संभव बनाएंगे’। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत ग्रो कर रहा है और रोजगार भी दे रहा है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों खास कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि सच के आगे झूठ की गूंज नहीं टिकेगी।

मोदी ने छात्रों के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया और अपने भाषण में अपना आगे का विजन भी बताया। उन्होंने कहा, ‘आने वाले समय में रिसर्च और इनोवेशन का हब भारत होगा। भारत का अपना स्पेस स्टेशन होगा और वो दिन भी आप देखेंगे। आप देखिएगा भारत एक दिन ऐसे ओलंपिक का आयोजन करेगा कि दुनिया देखेगी’। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 13 साल बाद एसआरसीसी पहुंचे थे। इससे पहले फरवरी 2013 में उन्होंने एसआरसीसी में भाषण दिया था। उस समय वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उन्हें अपना विजन छात्रों के सामने रखा था।

कॉलेज के एक सौ साल पूरे होने के मौके पर आयोजित समारोह में मोदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए उनसे कनेक्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कॉलेज के पुराने छात्रों के लिए कहा, ‘आपकी भाषा में कहूं, तो के पूर्व छात्र ओजी हैं, जिन्होंने हर क्षेत्र में धूम मचाई है। वे धुरंधर भले न हों, पर दुनिया भर में धूम तो मचाई है’। मोदी ने कहा, ‘मुझमें हिम्मत है, इसलिए अपना रिपोर्ट कार्ड आपके सामने लेकर आया हूं। मुझे पता है झूठ की गूंज नहीं चलेगी’।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी उपलब्धियां बताईं और विरोधियों पर हमला भी किया। उन्होंने कहा, ‘मैंने कहा था कि मेड इन इंडिया पर काम करने की जरूरत है, तो उस वक्त के लोगों ने इसका विरोध किया। आज आप मेड इन इंडिया की ताकत देख रहे हैं। दुनिया के बड़े स्मार्टफोन भारत में बनते हैं। आज भारत ढाई लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के मोबाइल एक्सपोर्ट करता है’। मोदी  ने कहा, ‘मैं छोटे और आसान लक्ष्य रखने वाला आदमी नहीं हूं। मैं बड़े लक्ष्य रखता हूं’।

अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए मोदी ने कहा, ‘पहले भारत के लिए डिफेंस का सामान बाहर से आता था। आज भारत की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग ऑल टाइम हाई पर है। आज भारत करीब 2 लाख करोड़ का डिफेंस प्रोडक्शन कर रहा है। 2014 में हमारा डिफेंस एक्सपोर्ट कुछ सौ करोड़ था, आज ये आंकड़ा 40 हजार करोड़ का है’। मोदी ने आगे कहा, ‘2013 के समय दुनिया भारत को फ्रेजाइल फाइव बता रही थी। अभी दुनिया भारत को पांच सबसे बड़ी इकॉनमी में देख रही है। पिछले हफ्ते ही हमने 7.8 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की। ये ऐसे समय में आई है, जब वेस्ट एशिया क्राइसिस चरम पर है’।

मोदी ने अपने भाषण में कहा, ‘भारत ग्रो भी कर रहा है और रोजगार के नए अवसर भी बना रहा है। लेकिन इसके बाद भी 2013 में जिन लोगों के लिए ग्लास आधा खाली था उनके लिए आज भी खाली रहेगा’। गौरतलब है कि मोदी ने आधे ग्लास वाली मिसाल 2013 में एसआरसीसी में दी थी। उन्होंने शनिवार को इसे दोहराया और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘देश में अलग अलग प्रजाति के लोग हैं। एक वो जो पॉजिटिव तरीके से समाज की शक्ति को राष्ट्र की शक्ति में बदलते हैं। और दूसरे जो हर चीज में नाराज फूफा बन जाते हैं’।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment