Saturday

21-06-2025 Vol 19

ऑपरेशन सिंधु: 290 भारतीयों को लेकर वापस लौटी तीसरी स्पेशल फ्लाइट

16 Views

नई दिल्ली। ईरान से शनिवार को ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत तीसरी फ्लाइट नई दिल्ली पहुंची, जिसमें 290 भारतीय थे। इनमें 190 जम्मू कश्मीर के लोग थे। सभी अपने देश वापस लौटकर बहुत खुश हैं। इन लोगों ने ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने के साथ भारत सरकार का आभार जताया है। 

विदेश मंत्रालय में सचिव (सीपीवी और ओआईए) अरुण कुमार चटर्जी ने कहा विदेश में भारतीय नागरिकों की सेफ्टी, सिक्योरिटी और वेलफेयर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में दो दिन पहले ‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत की गई थी। इस फ्लाइट में तेहरान से 290 यात्री लौटे हैं। हम ईरान की सरकार के साथ-साथ आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान के बहुत आभारी हैं, जिन्होंने हमारे नागरिकों को विशेष फ्लाइट्स के जरिए ईरान से आने-जाने में सुविधा प्रदान की।

उन्होंने आगे कहा अभी जो फ्लाइट लैंड की है, इसमें 290 यात्री थे। इनमें 190 जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश से थे। इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक राज्यों से भी लोग थे। इसलिए उनकी मुस्कान ही हम सभी के लिए सबसे बड़ा इनाम थी।

अरुण कुमार चटर्जी ने आगे बताया ऑपरेशन सिंधु के तहत इजरायल में मौजूद भारतीय नागरिकों को वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के लिए कहा गया है। इसलिए एक बार जब नागरिक वहां रजिस्ट्रेशन करा लेंगे, तो हम उनके लिए स्पेशल इवैक्युएशन फ्लाइट की व्यवस्था करेंगे, जिसके लिए विभिन्न एयरलाइन्स के साथ काम किया जा रहा है। ‘ऑपरेशन सिंधु’ अभी शुरू हुआ है। 

Also Read : योग से पीएम मोदी फिट, पाकिस्तान को किया चित : एकनाथ शिंदे

इसे अभी दो दिन ही हुए हैं। आज तीसरा दिन है, इसलिए निश्चिंत रहें। कई फ्लाइट्स आएंगी और इन देशों से हमारे नागरिकों को वापस लाएंगी। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनकी सलामती के साथ-साथ उनकी भलाई का भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ध्यान रखा जाए।

अपने वतन वापस लौटीं एलिया वतूल ने कहा ईरान में हमें भारत सरकार की ओर से फाइव स्टार होटल मिला। एक डर था। हमें पता नहीं था कि अगले पल क्या हो जाएगा, लेकिन हमें पता था कि भारत सरकार को हमारी फिक्र है। हमें पता था कि हम सही सलामत अपने देश आएंगे।

भारत लौटे मौलाना सैय्यद मोहम्मद सईद ने बताया ईरान में जंग के हालात हैं, लेकिन वहां के लोगों ने भी काफी सहयोग किया। हमारे दूतावास और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बहुत सपोर्ट किया है। दूतावास ने हमें तुरंत सेफ जोन में पहुंचाया और हमारे लिए फ्लाइट उपलब्ध करवाई। हमें नहीं पता कि हम अपने प्रधानमंत्री का किस तरह शुक्रिया अदा करें। हम बहुत शुक्रगुजार हैं।

भारत लौटे एक अन्य नागरिक ने बताया हमारी 13 जून की शाम की फ्लाइट थी, लेकिन सुबह हालात खराब हो गए। इसके बाद भारतीय सरकार ने बेहतरीन इंतजाम किए। हमारे लिए बेहतरीन होटल उपलब्ध करवाया, रहने-खाने का इंतजाम करवाया और हमें सुरक्षित अपने देश वापस पहुंचाया। हम इसके लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री के शुक्रगुजार हैं।

फिलहाल जो भारतीय ईरान में फंसे हुए हैं, उनको भी भारत वापस लाने की तैयारी चल रही है। ईरान और इजरायल के बीच युद्ध चल रहा है। भारत सरकार ने फैसला किया है कि इजरायल में फंसे लोगों को भी बहुत जल्द भारत वापस लेकर आएगी।

Pic Credit : ANI

Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *