राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

एसआईआर के खिलाफ नए संगठन का विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के खिलाफ एक नया संगठन बन गया है। इसका नाम है ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’। करीब एक हफ्ते पहले इसका गठन हुआ है। इस संगठन ने पहली बार शुक्रवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया। दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पोस्टर लेकर पहुंचे और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन करीब तीन घंटे चला।

नए बने संगठन ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के साथ साथ इस प्रदर्शन में सीपीआई एमएल के छात्र संगठन आइसा के छात्र भी शामिल थे। दोनों संगठनों ने गुरुद्वारा बंगला साहिब से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च बुलाया था। हालांकि पुलिस ने रास्ते में ही सबको रोक लिया और करीब एक सौ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि एसआईआर के विरोध में और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में पिछले 20 दिनों में नौ बार अलग अलग पार्टियों और संगठनों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। बहरहाल, ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के विरोध प्रदर्शन के दौरान सीपीआई की नेता एनी राजा ने कहा, ‘हम लोकतंत्र को नष्ट करने के लिए केंद्र के धोखाधड़ी भरे तरीकों से देश की रक्षा करने आए हैं’। ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ का गठन पिछले हफ्ते ही हुआ है। इसमें नागरिकों, किसान यूनियनों, मजदूर संगठनों और महिला व युवा संगठनों को शामिल किया गया है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment