नई दिल्ली। सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से उठा लिए जाने के बाद भी वहां कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। हालांकि अब कोई भूख हड़ताल नहीं कर रहा है लेकिन प्रदर्शनकारी वहां बैठे हैं। बुधवार को दिन भर लोगों के आने जाने का सिलसिला जारी रहा। एक दिन पहले मंगलवार को दिन में शरद पवार प्रदर्शन की जगह पर पहुंचे थे और रात में शिव सेना नेता उद्धव ठाकरे भी पहुंचे थे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की।
बहरहाल, बुधवार को भी सरकार ने ऐहतियात के तौर पर नई दिल्ली के आसपास 16 मेट्रो स्टेशन बंद रखे। इसे लेकर लोगों में काफी नाराजगी दिखी। कई मेट्रो स्टेशन के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। सभी मेट्रो स्टेशन शाम में खोले गए। बताया जा रहा है कि 20 जुलाई की घटना के बाद सरकार ऐहतियात बरत रही है। केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली में तैनात करने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर करीब दो हजार जवानों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से विशेष विमान से दिल्ली लाया गया।
उधर दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स यानी आरएएफ के एक जवान पर हमले के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी आरएएफ जवान के साथ मारपीट करते, उनकी गाड़ी पर पथराव करते और उसमें तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


