नई दिल्ली। रूस के साथ व्यापार जारी रखने पर भारत के खिलाफ पाबंदी लगाने की नाटो की धमकी का भारत ने बड़े तीखे शब्दों में जवाब दिया है। भारत ने गुरुवार को कहा कि इस मामले में दोहरे मापदंड अपनाना ठीक नहीं है। इससे एक दिन पहले नाटो के चीफ मार्क रूटे ने भारत, चीन और ब्राजील को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर रूस के साथ व्यापार जारी रखेंगे तो सेकेंडरी पाबंदी लगेगी। यानी जो पाबंदी रूस पर है वही पाबंदियां इन देशों पर भी लगेंगी।
इसे लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दिल्ली में मीडिया की ब्रीफिंग में कहा, ‘हमने इस बारे में खबरें देखी हैं और हम इस पर ध्यान रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोगों के लिए ऊर्जा की जरूरतें पूरी करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह बात समझने वाली है’। जायसवाल ने ‘दोहरे मापदंड’ के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा, ‘हम बाजारों में उपलब्ध चीजों और वैश्विक परिस्थितियों को देखकर ही फैसले लेते हैं’।
इससे पहले नाटो प्रमुख मार्क रूटे ने अमेरिका के सीनेटरों टॉम टिलिस और जीन शाहीन के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत, चीन और ब्राजील से रूस के साथ अपने आर्थिक संबंधों पर फिर से विचार करने को कहा था। रुटे ने कहा था कि अगर रूस शांति वार्ता के लिए तैयार नहीं होता है और यूक्रेन युद्ध नहीं रोकता है कि भारत, चीन और ब्राजील पर सौ फीसदी सेकेंडरी पाबंदी लगेगी। इससे पहले रूस से कारोबार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पांच सौ फीसदी टैक्स लगाने की बात कही थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



