पटना। भाजपा और एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के एक दिन बाद बुधवार को सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने। उन्होंने लोक निवास में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ जनता दल यू की ओर से विजय चौधरी और विजेंद्र यादव उप मुख्यमंत्री बने। अभी बाकी मंत्रियों की शपथ नहीं कराई गई है। माना जा रहा है कि संसद का तीन दिन का विशेष सत्र समाप्त होने के बाद मंत्रियों की शपथ होगी। हालांकि कई जानकारों का यह भी कहना है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव तक इंतजार किया जा सकता है।
बहरहाल, राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सम्राट ने ईश्वर के नाम की शपथ ली। नीतीश कुमार और भाजपा के दूसरे वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में मौजूद थे। चूंकि बिहार में बाकी मंत्रियों की शपथ नहीं हुई है इसलिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह सहित 29 विभाग रहेंगे। विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को आठ विभाग मिले हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यही विभाग बाकी मंत्रियों में बंटेंगे। गौरतलब है कि एक दिन पहले सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था और उसके बाद उनको एनडीए की संयुक्त विधायक दल की बैठक में एनडीए का नेता चुना गया था।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके पिता शकुनी चौधरी ने कहा, ‘कभी कभी ईश्वर की कृपा होती है। हमने कई पार्टियों के लिए पूरी लड़ाई लड़ी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नीतीश की कृपा से सम्राट आगे बढ़ गया। मेहनत रंग लाती है जो मेहनत करेगा वही आगे बढ़ेगा’। इससे पहले बुधवार की सुबह सम्राट चौधरी ने पुनाई चक में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की। बाद में बुधवार की शाम वे एक अणे मार्ग पहुंचे और नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा मौजूद थे। गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने बुधवार को इस्तीफा दिया था। वे अब राज्यसभा के सांसद हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


