नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पद्म पुरस्कारों के साथ ही वीरता पुरस्कारों और सेवा मेडल्स की घोषणा की गई है। केंद्र सरकार ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन यानी आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय एस्ट्रोनॉट और भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टेन शुभ्रांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित करने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने रविवार को ऐलान किया कि तीन लोगों को कीर्ति चक्र और 13 को शौर्य चक्र दिया जाएगा।
इसके अलावा इस बार 982 पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़ें कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें 125 वीरता पदक भी शामिल हैं। सरकार की ओर से जारी सूची के मुताबिक सबसे ज्यादा 45 वीरता पदक जम्मू कश्मीर में तैनात कर्मियों को दिए गए हैं। नक्सल हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के 35 और पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैनात पांच कर्मियों को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। फायर ब्रिगेड सर्विस के चार बचावकर्मियों को भी वीरता पदक के लिए चुना गया।
केंद्र सरकार ने 101 राष्ट्रपति पदक का ऐलान भी किया है। इसमें 89 पुलिसकर्मी हैं, पांच फायर ब्रिगेड के बचावकर्मी हैं, तीन सिविल डिफेंस या होम गार्ड के और चार करेक्शनल सर्विस के कर्मचारी हैं। केंद्र सरकार ने 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल यानी विशिष्ठ सेवा मेडल का ऐलान भी किया है। यह सम्मान पाने वालों में 664 पुलिसकर्मी, 34 फायर ब्रिगेड के बचावकर्मी, 33 सिविल डिफेंस या होम गार्ड के कर्मी और 25 करेक्शनल सर्विसकर्मी हैं।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स यानी सीआरपीएफ एकमात्र फोर्स है जिसे 12 पदकों के साथ वीरता पुरस्कार मिले हैं। सीबीआई के 31 अधिकारियों को राष्ट्रपति मेडल और मेरिटोरियस मेडल मिले हैं। इनमें कोलकाता के आरजी कर रेप, मर्डर केस की जांच करने वाले सीबीआई के संयुक्त निदेशक वी चंद्रशेखर भी शामिल हैं। राज्यों की पुलिस सेवा में सबसे ज्यादा 33 वीरता पदक जम्मू कश्मीर पुलिस को मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस को 31, उत्तर प्रदेश पुलिस को 18 और दिल्ली पुलिस 14 पदक मिले हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


