राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सीजेपी के दबाव से स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता के पिता से मारपीट करने के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने थाने में जाकर दबाव बनाया। उसके बाद भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया। उसने जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय आजाद के साथ मारपीट की थी।

गिरफ्तार होने से पहले स्वतंत्र भारद्वाज ने हसनपुर में मीडिया से एक छोटी से बातचीत में कहा, ‘मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। चाहे पूरा विपक्ष एकजुट हो मेरा बाल बांका नहीं कर सकता’। उसने यह भी कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप आ जाएं या नेतन्याहू, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। उसने एक पॉडकास्ट में खुद ही कबूल किया कि उसने संजय आजाद के सिर पर वार कर सिर फोड़ दिया। उसने भाजपा नेता कपिल मिश्रा और लोजपा प्रमुख चिराग पासवान को भाई बताते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद साथ में है। स्वतंत्र भारद्वाज बिहार का रहने वाला है।

बहरहाल, स्वतंत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीजेपी ने शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने में तीन घंटे प्रदर्शन किया। पुलिस के उन्हें स्वतंत्र की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया तब धरना खत्म हुआ। गौरतलब है कि नीशू का आरोप था कि 23 जून को जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई। इस बीच स्वतंत्र का एक पॉडकास्ट वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह संजय पर हमला करने की बात कबूल करता नजर आया। हालांकि, उसने कहा कि उसने ऐसा सेल्फ डिफेंस में किया था।

इस पॉडकास्ट के बाद सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने सवाल उठाया कि जब आरोपी खुद हमला करने की बात स्वीकार कर रहा है तो पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? हालांकि पुलिस का कहना था कि 23 जून को संजय कुमार के सिर पर कड़ा यानी ब्रेसलेट लगने से चोट आई थी। उनको राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। मेडिको लीगल केस में चोट साधारण बताई गई। उस समय संजय कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया था लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना था कि कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है तथा जल्दी चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

बहरहाल, शुक्रवार को गिरफ्तारी से पहले स्वतंत्र जेवर से निकल कर बुलंदशहर होते हुए दिल्ली जा रहा था। तभी उसने हसनपुर में रुककर मीडिया से करीब तीन मिनट तक बात की। स्वतंत्र ने कहा, ‘चाहे ट्रंप आ जाएं या नेतन्याहू आ जाएं। या राहुल गांधी समेत पूरा विपक्ष सड़क पर आ जाए, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मैं तो सनातन के लिए काम करता हूं’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

और पढ़ें