टोक्यो। जापान में नए साल के पहले दिन आए भीषण भूकंप से जान-माल की भारी तबाही की खबर आ रही है। इसमें सैकड़ों इमारतें टूट गई हैं। गौरतलब है कि इशिकावा में नए साल के पहले दिन 7.6 की तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप के बाद 140 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं। इनकी तीव्रता 3.4 से 4.6 के बीच रही है। पहले दिन ही डेढ़ घंटे में 21 बार धरती हिली थी। सोमवार को सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी, जिसे अब वापस ले लिया गया है।
इस बीच सुरक्षाकर्मी राहत और बचाव अभियान में लगे हैं। बताया जा रहा है कि इशिकावा में भूकंप से कई जगहों पर आग लग गई। इससे दो सौ इमारतें जलकर खाक हो चुकी हैं। यह भी खबर है कि साढ़े 32 हजार घरों में बिजली नहीं है। यहां एक और भूकंप की चेतावनी जारी की गई है। प्रधानमंत्री फुमिया किशिदा ने कहा है कि भूकंप में मरने वालों की संख्या काफी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह आग लगी है, लोग इमारतों के नीचे दबे हैं। समय कम है और ज्यादा लोगों की जान बचानी है।
जापान के रक्षा मंत्री के मुताबिक मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए एक हजार सैनिक तैनात किए गए हैं। आठ हजार से ज्यादा सैनिकों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। इशिकावा में 19 अस्पतालों में भी बिजली नहीं होने की वजह से लोगों के इलाज में परेशानी आ रही है। इससे पहले सोमवार रात जापान की सरकार ने एक लाख लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए थे। इन्हें सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। हालांकि सुनामी की चेतावनी वापस लिए जाने के बाद काफी लोग अपने घर लौट रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



