nayaindia Arvind Kejriwal ED पांचवें समन पर भी नही गए केजरीवाल

पांचवें समन पर भी नही गए केजरीवाल

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के पांचवें समन पर भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए। उन्होंने एक बार फिर ईडी के समन के अवैध और राजनीतिक बताते हुए पूछताछ में शामिल होने से इनकार कर दिया। ईडी के सामने जाने की बजाय शुक्रवार को केजरीवाल ने दिल्ली में अपनी पार्टी की ओर से आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसमें उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि वह सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ।

बहरहाल, दिल्ली के कथित शराब नीति घोटाले में दिल्ली ईडी ने पिछले साल नवंबर से लेकर अभी तक केजरीवाल को पांच समन दिए हैं। लेकिन वे पूछताछ के लिए नहीं गए। उन्होंने ईडी के समन को गैरकानूनी बताया है। केजरीवाल बार बार कह रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी एक साजिश के तहत उनको गिरफ्तार करना चाहती है ताकि वे अगले दो महीने में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रचार नहीं कर सकें। गौरतलब है कि शराब नीति से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेता, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह पहले से जेल में हैं।

बहरहाल, आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर चंडीगढ़ मेयर चुनाव को धोखे से जीतने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इसमें अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि चंडीगढ़ में मेयर का चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने जो किया है उसे देख कर लग रहा है कि सत्ता के लिए भाजपा देश भी बेच सकती है। आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चौकस की गई थी।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें