nayaindia asseimbly election results चार राज्यों का फैसला आज

चार राज्यों का फैसला आज

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले हुए राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को आएंगे। अगले साल के लोकसभा चुनाव के लिहाज से इन नतीजों को बेहद अहम माना जा रहा है। चार राज्यों- राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के नतीजे रविवार को आएंगे, जबकि मिजोरम के नतीजे सोमवार को आएंगे। मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों के लिए सात नवंबर को वोट पड़े थे। छत्तीसगढ़ में सात और 17 नवंबर को, मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को, राजस्थान में 25 नवंबर को और तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान हुआ था।

पहले पांचों राज्यों के नतीजे रविवार को आने वाले थे लेकिन ईसाई बहुल मिजोरम में रविवार की गिनती का विरोध हो रहा था, जिसकी वजह से इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया। बहरहाल, पांच राज्यों का मतदान समाप्त होने के बाद हुए एक्जिट पोल में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में सभी मीडिया समूह और सर्वे एजेंसियों ने कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का अनुमान जताया है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में सर्वेक्षण करने वाली एजेंसियों की राय बंटी हुई है। कम से कम दो एजेंसियों ने राजस्थान में कांग्रेस की वापसी की भविष्यवाणी की है तो चार एजेंसियों ने मध्य प्रदेश में भाजपा की सत्ता बरकरार रहने का अनुमान जताया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सत्ता में है, जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति की सरकार है। इन चारों राज्यों में कांग्रेस मुख्य मुकाबले में है। तीन राज्यों में उसकी सीधी टक्कर भाजपा से है तो तेलंगाना में बीआरएस के साथ सीधी लड़ाई है। भाजपा को दो राज्यों में सत्ता बचानी है तो दो राज्यों में सत्ता हासिल करनी है। लोकसभा चुनाव से पहले हुए इन चुनावों को लोकसभा का रिहर्सल माना जा रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनावों में पूरी ताकत लगाई थी। भाजपा मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने और राजस्थान में जीतने की उम्मीद कर रही है। ध्यान रहे राजस्थान में हर पांच साल पर सत्ता बदलने का रिवाज रहा है। इस बार कांग्रेस वह रिवाज बदलने का दावा कर रही है। तेलंगाना में चंद्रशेखर राव की पार्टी ने हैट्रिक लगाने के लिए पूरा जोर लगाया था।

राजस्थान की दो सौ में से 199 सीटों पर चुनाव हुए हैं। एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन की वजह से चुनाव टाल दिया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश की 230, छत्तीसगढ़ क 90 और तेलंगाना की 119 सीटों के लिए वोटों की गिनती का काम रविवार को सुबह आठ से शुरू होगा। चुनाव आयोग ने चारों राज्यों में सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। हर बूथ पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है और वैध पासधारकों को ही अंदर जाने दिया जाएगा। नतीजों से पहले सभी पार्टियों ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया है और उन्होंने मतगणना केंद्रों पर चौकस रहने के निर्देश दिए हैं। एक्जिट पोल के अनुमानों के बाद मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से हौसला बनाए रखने की अपील की।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें