राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कांग्रेस ने जारी की राजस्थान, छत्तीसगढ़ की सूची

कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। साथ ही छत्तीसगढ़ की आखिरी सूची भी जारी की गई है। दूसरी सूची में राजस्थान के 43 प्रत्याशियों की और छत्तीसगढ़ के सात प्रत्याशियों के नाम है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के सभी 90 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा हो गई। छत्तीसगढ़ की आखिरी सूची में चार विधायकों का टिकट कट गया है। कसडोल, सरायपाली, महासमुंद, सिहावा सीट पर कांग्रेस ने विधायकों का टिकट काटकर नए प्रत्याशी उतारे हैं। राजस्थान की सूची में 15 मंत्रियों सहित पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य को मैदान में उतारा गया है।

राजस्थान में कांग्रेस की दूसरी सूची में बीडी कल्ला, प्रताप सिंह खाचरियावास, विश्वेंद्र सिंह, भजनलाल जाटव, मुरारीलाल मीणा, परसादी लाल मीणा आदि सहित 15 मंत्रियों के नाम हैं। कांग्रेस ने दो सूचियों में अब तक 20 मंत्रियों को टिकट दिए हैं। हालांकि अभी तक मंत्री शांति धारीवाल और महेश जोशी को टिकट नहीं मिला है। इन दोनों पर आलाकमान की ऑथोरिटी को चुनौती देने का आरोप है।

बहरहाल, 2018 के चुनावों में कांग्रेस से बागी होकर निर्दलीय जीतने वाले पांच विधायकों को इस बार टिकट दिए गए हैं। सिरोही से संयम लोढ़ा, दूदू से बाबूलाल नागर, बस्सी से लक्ष्मण मीणा, महुवा से ओमप्रकाश हुड़ला, मारवाड़ जंक्शन से खुशवीर सिंह जोजावर को टिकट दिया गया है। कांग्रेस उम्मीदवारों की 43 की सूची में सिर्फ दो नए चेहरे हैं, बाकी सभी या तो मौजूदा विधायक हैं या पिछली बार के बागी या हारे हुए उम्मीदवार हैं। सोजत से पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य और नोखा से रामेश्वर डूडी की पत्नी सुशीला डूडी नए चेहरे हैं। कांग्रेस की पहली सूची में 33 नाम थे। इस तरह कांग्रेस ने अभी तक 76 नामों की घोषणा की है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *