nayaindia Heatwave Alert उत्तर, पश्चिम भारत में रेड अलर्ट

उत्तर, पश्चिम भारत में रेड अलर्ट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और राजस्थान सहित उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले पांच दिन तक लू चलने और हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। गर्मी की वजह से सबसे ज्यादा राजस्थान में स्थिति बिगड़ी है। वहां लू लगने से तीन दिन में 15 लोगों की मौत हो जाने की खबर है। शुक्रवार को भी तीन मौत हुई। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बाड़मेर में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक पहुंच गया। बाड़मेर शहर में दोपहर में तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में तापमान 40 से 49 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में अगले पांच दिन ऐसे ही हालात रहेंगे। इन राज्यों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के पाली में शुक्रवार को गर्मी से मां, बेटे की मौत हो गई। इसके अलावा बीकानेर में एक सैन्यकर्मी के निधन की सूचना है। ज्यादातर शहरों में गुरुवार की रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री पहुंचने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रात का तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रह रहा है।

इस बीच पानी और बिजली का संकट भी शुरू हो गया है। केंद्रीय जल आयोग यानी सीडब्लुसी ने बताया है कि, पिछले सात दिनों में, भारत के डेढ़ सौ प्रमुख जलाशयों में जलस्तर पांच सालों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर कम हो गया है। इसे लेकर दिल्ली और हरियाणा की सरकार में जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। दिल्ली दावा है कि हरियाणा पानी रोक रहा है। भयंकर गर्मी की वजह से बिजली की मांग रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है। बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में बिजली की मांग गुरुवार को 237 गीगावाट पर पहुंच गई। यह सीजन में सबसे ज्यादा है। राजधानी दिल्ली में बिजली की मांग आठ हजार मेगावाट तक पहुंच गई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें