नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण की 88 सीटों पर शुक्रवार यानी 26 अप्रैल को मतदान होगा। पहले 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 89 सीटों पर वोटिंग होनी थी, लेकिन मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन के बाद इस सीट का चुनाव टल गया। अब इस सीट पर सात मई को मतदान होंगे। शुक्रवार को जिन 88 सीटों पर मतदान होना है उनमें से पिछली बार सबसे ज्यादा 50 सीटें भाजपा को मिली थीं। एनडीए के सहयोगी दलों ने आठ सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में 21 सीटें गईं थीं, जबकि अन्य को नौ सीटें मिली थीं।
गौरतलब है कि पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान हुआ। पहले चरण में मतदान पिछले चुनाव के मुकाबले चार फीसदी कम रहा था। बहरहाल, दूसरे चरण में राजस्थान की बची हुई 13 सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा केरल की सभी 20 और कर्नाटक की 28 में से 14 सीटों पर वोटिंग होगी। असम और बिहार की पांच और उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र की आठ आठ सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग होगी। मध्य प्रदेश की सात सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। छत्तीसगढ़ व पश्चिम बंगाल की तीन तीन सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग होगी। इसके अलावा मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू कश्मीर की एक एक सीट पर मतदान होगा।
दूसरे चरण में गजेंद्र सिंह शेखावत और राजीव चंद्रशेखर सहित पांच केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर लगी है। दो पूर्व मुख्यमंत्रियों भूपेश बघेल और एचडी कुमारस्वामी की किस्मत का फैसला भी शुक्रवार को होगा। तीन फिल्मी सितारों हेमामालिनी, अरुण गोविल और सुरेश गोपी की सीटों पर भी शुक्रवार को वोटिंग होगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 1,198 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1,097 पुरुष और एक सौ महिला उम्मीदवार हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर है।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी एडीआर ने 1,192 उम्मीदवारों के हलफनामे में दी गई जानकारी पर एक रिपोर्ट तैयार की है। इसके मुताबिक दूसरे चरण में 21 फीसदी यानी ढाई सौ उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 390 यानी 33 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। छह उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




