नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस 2024 के समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों शामिल हो सकते हैं। भारत ने गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति मैक्रों को निमंत्रण भेजा है। शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी गई। अगर वे सहमति देते हैं तो वे छठे फ्रांसीसी नेता होंगे, जिन्हें गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य अतिथि बनने का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि भारत ने अगले साल गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को आमंत्रित किया था, लेकिन बाइडेन ने उस समय नई दिल्ली की यात्रा करने में असमर्थता जताई थी। माना जा रहा है कि ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ के संबोधन की वजह से बाइडेन का कार्यक्रम रद्द हुआ। उसी समय भारत में क्वाड की बैठक भी रखी गई थी, लेकिन उसे भी टाल दिया गया है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज भी उस समय देश से बाहर जाने में असर्मथ थे।
बहरहाल, जानकार सूत्रों ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है, लेकिन आमंत्रण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। गौरतलब है कि भारत और फ्रांस के बीच रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार और निवेश व नई प्रौद्योगिकियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंध प्रगाढ़ हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुलाई में ‘बैस्टिल डे परेड’ में सम्मानित अतिथि के रूप में भाग लिया था। यह कार्यक्रम फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह का हिस्सा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


