भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में दो चुनावी सभाएं कीं और ‘अपने मित्र’ नवीन पटनायक की सरकार को अस्त होता हुआ बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पस्त है और बीजू जनता दल अस्त है। उन्होंने दावा किया कि चार जून को भुवनेश्वर में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री ने अपनी जनसभा में लोगों से कहा कि वे भाजपा की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का न्योता देने आए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के बहरामपुर और नवरंगपुर में रैली की। उन्होंने कहा- कल मैं प्रभु राम की नगरी अयोध्या में था। आज महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर आया हूं। ओडिशा में इस बार दो यज्ञ एक साथ हो रहे हैं। एक यज्ञ देश में, हिंदुस्तान में मजबूत सरकार बनाने के लिए है। और दूसरा यज्ञ ओडिशा में भाजपा के नेतृत्व वाली मजबूत राज्य सरकार बनाने का है।
मोदी ने कहा- आप जानते हैं कि भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है। इसलिए, यहां सरकार बनने के बाद हम पूरी शक्ति से संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं पर अमल करेंगे। ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा- चार जून पर यहां की बीजेडी सरकार की एक्सपायरी डेट लिखी हुई है। आज छह मई है, छह जून को बीजेपी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा। 10 जून को भुवनेश्वर में बीजेपी के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह होगा। मैं आज सबको भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए निमंत्रण देने आया हूं।
प्रधानमंत्री ने ओडिशा की द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाए जाने का भी जिक्र किया और कहा- भाजपा ने बहुत गौरव से ओडिशा की मिट्टी में जन्मी, ओडिशा की बेटी को देश का सबसे बड़ा पद दिया है। ये मेरा सौभाग्य है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी मुझे लगातार ओडिशा के विकास के लिए बहुत बारीक बारीक चीजें बताती हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




