नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो ने चंद्रयान-तीन की गतिविधियों को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। इसके मुताबिक प्रज्ञान रोवर ने बुधवार की सुबह विक्रम लैंडर की एक तस्वीर खींची। रोवर पर दो नेविगेशन कैमरे लगे हैं, जिनसे ये फोटो खींची गई है। इसमें विक्रम लैंडर पर लगा पेलोड सतह पर ड्रिलिंग करता दिख रहा है। ये पेलोड सतह और गहराई में तापमान मापता है।
गौरतलब है कि चंद्रयान-तीन का लैंडर 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा था। इसके कई घंटे के बाद धूल गुबार ठहरने पर रोवर बाहर आया था। चांद पर पहुंचने के छठे दिन यानी 29 अगस्त को चंद्रयान ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां भेजी थीं उसने बताया कि चांद के दक्षिण ध्रुव पर सल्फर की मौजूदगी है। चंद्रमा की सतह पर एल्युमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम की मौजूदगी का भी पता चला है।
प्रज्ञान रोवर ने भारत के लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह जल्दी ही नई जानकारी भेजेगा। उसकी भेजी जानकारी के मुताबिक चांद की मिट्टी में मैगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन भी मौजूद हैं, जबकि हाइड्रोजन की खोज जारी है। हालांकि चांद की मिट्टी पर मिली ऑक्सीजन उस रूप में नहीं है कि सीधे सांस ली जा सके। ये ऑक्साइड फॉर्म में है। इससे पहले नासा ने भी चंद्रमा की मिट्टी में ऑक्सीजन का पता लगाया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



