nayaindia heatwave देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर

देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर शुरू हो गया है। पूरब से लेकर पश्चिम औऱ उत्तर से दक्षिण तक अभी से लू के थपेड़े चल रहे हैं। देश के पूर्वी राज्यों की हालत ज्यादा खराब है। मौसम विभाग ने देश के चार राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इन राज्यों में रविवार को तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचा।

इन चार पूर्वी राज्यों के अलावा छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, गुजरात और महाराष्ट्र में भी तापमान 42 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया। उधर, ओडिशा के कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार यहां आने वाले तीन चार दिन ऐसे ही हालात रहेंगे। इसे देखते हुए ओडिशा सरकार ने 25 अप्रैल से स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। राज्य में 22 से 24 अप्रैल तक स्कूल सुबह साढ़े छह से साढ़े 10 तक ही लगेंगे।

राजधानी दिल्ली में भी तापमान बढ़ने का दौर शुरू हो गया है। रविवार को तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया। साथ तेज हवा भी चलती रही। इस बीच देश के कई राज्यों में बारिश का अनुमान भी जताया गया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण के कुछ राज्यों में भी बारिश हो सकती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें