लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली से पहले मस्जिदों को ढंकने का काम चल रहा है। असल में इस साल 64 साल के बाद रमजान के जुमे के दिन होली आई है। इससे पहले 1961 में चार मार्च को होली और रमजान का शुक्रवार यानी जुमा एक साथ था। लेकिन तब दोनों त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाए गए थे। परंतु 64 साल में भारत इतनी तरक्की कर गया है कि होली मनाने के लिए मस्जिदें ढंकी जा रही हैं और जुमे के नमाज का समय बढ़ाया जा रहा है। इतना ही नहीं चारों तरफ पुलिस और सुरक्षा बल फ्लैग मार्च कर रहे हैं। इससे पहले किसी होली में मस्जिदों को रंग, गुलाल से बचाने के लिए ढंका गया हो, इसकी मिसाल शायद ही होगी।
जुमे की नमाज पढ़ने वालों को चिंता है कि कहीं उन पर रंग न पड़ जाए और रंग खेलने वाले इस चिंता में हैं कि जुमे की नमाज से उनकी होली में खलल न पड़े। इसलिए पूरे उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। राज्य के 10 जिलों में जुमे की नमाज का वक्त बदल दिया गया है। मस्जिदों को रंग और गुलाल से बचाने के लिए तिरपाल से ढंक दिया गया है। शाहजहांपुर में सबसे ज्यादा 67 मस्जिदों को तिरपाल और प्लास्टिक से ढंका गया है। यहां एक पुरानी परंपरा के मुताबिक होली पर लाट साहब का जुलूस निकलता है। उसके लिए पुलिस संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर रही है। एक हजार से ज्यादा पुलिस जवान दूसरे जिलों से आए हैं।
संभल की जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर माहौल पहले से संवेदनशील है। सो, होली से पहले जामा मस्जिद के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। शहर में 10 मस्जिदों को तिरपाल से ढंका गया है और पुलिस टीम संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही है। सभी से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की जा रही है। जामा मस्जिद के मौलाना आफताब ने नमाज का समय बढ़ा कर दो बजे कर दिया है। इस बीच इलाहाबाद हाई कोर्ट ने संभल की जामा मस्जिद में रमजान के मौके पर बाहर से रंगाई पुताई कराने का आदेश दे दिया है। अदालत ने कहा है कि मस्जिद के ढांचे में बदलाव का कोई प्रयास नहीं होना चाहिए।
बहरहाल, उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जिलों में से एक जौनपुर भी है, जहां जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। शहर की अटाला मस्जिद और बड़ी मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में नमाज का समय बदला गया है। नमाज अब दोपहर एक बजे की बजाय डेढ़ बजे पढ़ी जाएगी। ऐसे ही मिर्जापुर में शुक्रवार को जुमे की नमाज दोपहर दो बजे पढ़ी जाएगी। मौलाना नजम अली खान ने बताया कि होली को ध्यान में रखते हुए जुमे की नमाज का समय बदल दिया गया है।
राजधानी लखनऊ में शहर में मौलाना फरंगी महली ने भी जुमे की नमाज को ढाई बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा, ‘हिंदू भाई, बहन होली आराम से मना सकें इसलिए ऐसा किया गया है’। उधर बरेली में मस्जिद, दरगाह, मजार और इमामबाड़े को ढंक दिया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर में मलूकपुर पुलिस चौकी से फ्लैग मार्च किया। आजम खान के शहर रामपुर में शहर काजी सैय्यद खुशनुद मियां ने कहा, ‘होली के दिन जुमे की नमाज जामा मस्जिद में ढाई बजे होगी’। उन्होंने जिले और शहर की मस्जिदों में भी नमाज का समय बदलने की अपील की है।