nayaindia Lok Sabha by-election Jalandhar क्या लोकसभा में आप का खाता खुलेगा?
पंजाब

क्या लोकसभा में आप का खाता खुलेगा?

ByNI Political,
Share

पंजाब के जालंधर में लोकसभा का उपचुनाव हो रहा है। 10 मई को मतदान होना है। यह चुनाव सभी पार्टियों के लिए बेहद अहम है लेकिन आम आदमी पार्टी के लिए सबसे खास है। उसको इस चुनाव के जरिए लोकसभा में खाता खुलने की उम्मीद है। ध्यान रहे पिछले लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को सिर्फ एक सीट मिली थी। संगरूर लोकसभा सीट पर भगवंत मान चुनाव जीते थे। लेकिन जब वे मुख्यमंत्री बने तो उनकी सीट पर उपचुनाव हुआ और उसमें आम आदमी पार्टी हार गई। सबको हैरान करते हुए कट्टरपंथी नेता सिमरनजीत सिंह मान उस सीट पर चुनाव जीत गए थे। इस तरह लोकसभा आप की सीट जीरो हो गई।

अब उसे जालंधर उपचुनाव से मौका मिला है। यह सीट पिछली बार कांग्रेस के संतोष चौधरी ने जीती थी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनका निधन हो गया। कांग्रेस ने उनकी पत्नी करमजीत कौर को टिकट दिया है। लेकिन कांग्रेस के लिए लड़ाई आसान नहीं है। पिछले चुनाव में संतोष चौधरी सिर्फ 19 हजार वोट से जीती थे। अकाली दल के चरणजीत सिंह अटवाल ने बहुत करीबी टक्कर उनको दी थी। इस बार अटवाल के बेटे इंदर इकबाल अटवाल को भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। यह 40 फीसदी से ज्यादा दलित आबादी वाली सीट है और पिछली बार बहुजन समाज पार्टी का उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहा था। इस बार अकाली दल और बसपा का तालमेल है और अकाली दल ने अपने विधायक सुखविंदर सुक्खी को टिकट दिया है। अकाली दल को अपने सर्वोच्च नेता प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद सहानुभूति की भी उम्मीद है।

जहां तक आम आदमी पार्टी का सवाल है तो उसने कांग्रेस के पूर्व विधायक सुशील रिंकु को टिकट दिया है। पिछली बार पार्टी ने एक सरपंच को मैदान में उतार दिया था और वे सिर्फ 25 हजार वोट ले पाए थे और चौथे स्थान पर रहे थे। इस बार आम आदमी पार्टी पूरी ताकत लगा रही है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने कई चुनावी सभाएं की हैं और रोड शो किए हैं।  केजरीवाल लोगों से कह रहे हैं कि उन्होंने कांग्रेस को 60 साल दिए हैं, अब आप को 11 महीने देकर देखें, अगर काम नहीं हुआ तो फिर वोट मांगने नहीं आएंगे। बहरहाल, केजरीवाल एकमात्र राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं, जो उपचुनाव में प्रचार के लिए पहुंचे हैं। इससे पता चलता है कि उनका कितना कुछ दांव पर लगा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें