विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन अपने करियर के बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन बनाने में बल्ले से यादगार भूमिका निभाने वाले सैमसन आईपीएल 2026 में भी सीएसके के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम को अकेले दम जीत दिला रहे हैं। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद शतक लगाकर संजू ने सीएसके को 103 रन से जीत दिलाने में बड़ा योगदान दिया।
संजू सैमसन को उनकी बेहतरीन शतकीय पारी के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
मैच के बाद इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, “मुंबई के खिलाफ वानखेड़े में सेंचुरी बनाकर सच में बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरे और टीम के लिए खास पल है। आजकल मैंने चीजों को बहुत सिंपल रखा है। मैं बस स्थिति देखकर बल्लेबाजी कर रहा हूं। विकेट नॉर्मल नहीं था। गेंद इधर-उधर स्विंग हो रही थी, थोड़ी रुक रही थी। वहां से मुझे लगता है कि यह अंदाजा लगाना कि टीम क्या मांग रही है, इससे स्पष्टता मिलती है।
सैमसन ने कहा, “पावरप्ले के बाद मुझे पिच का अंदाजा हो गया था। पारी के दौरान हम लगातार विकेट खो रहे थे। इसलिए मैंने सोचा कि एक सेट बल्लेबाज का आखिर तक टिके रहना जरूरी है।
Also Read : मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा की कमी खल रही है: आकाश चोपड़ा
मैंने यही कोशिश की। गेम आपको बताता है कि क्या करना है। आपको पहले से बनी सोच के साथ आने की जरूरत नहीं है या आपको पहले से यह बताने की जरूरत नहीं है कि मैं ऐसे खेलता हूं या मैं यही करना चाहता हूं। इसलिए मेरे पास जो अनुभव है, उसके मुताबिक मैं टीम हित में खेलता हूं। हमारे लिए पारी को सच में अच्छे से खत्म करना बहुत जरूरी था। लगातार तीन हार के बाद हमने एक युवा टीम के रूप में जो किया है, वो काबिलेतारीफ है।
सैमसन ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। विश्व कप के बाद उनके प्रशंसकों की संख्या में और वृद्धि हुई है। सीएसके की भी एक टीम के रूप में बड़ी फैन फॉलोइंग है। गुरुवार को वानखेड़े में सीएसके और संजू के समर्थन में बड़ी संख्या में फैंस पीली जर्सी में मौजूद थे।
इस पर सैमसन ने कहा, “मैं पहली बार पीली जर्सी में खेल रहा हूं। यह सब मेरे लिए थोड़ा नया है। मुझे लगता है कि मैंने अपनी जिंदगी में वानखेड़े में इतना पीला रंग कभी नहीं देखा। इसलिए मैं इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलने के लिए बहुत शुक्रगुजार हूं।
सैमसन ने 54 गेंदों पर 10 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत सीएसके ने 207 रन बनाए और एमआई को 104 रन पर समेटकर मैच 103 रन से जीता।
Pic Credit : ANI


