राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

एप्पल का तिमाही राजस्व 114 अरब डॉलर पर, भारत में भी रिकॉर्ड बिक्री

अमेरिकी टेक कंपनी एप्पल ने गत 26 सितंबर को समाप्त तिमाही में 114 अरब डॉलर से अधिक का राजस्व कमाया और इस दौरान भारत समेत कई बाजारों में उसकी रिकॉर्ड बिक्री हुई।

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित क्यूपर्टिनो में कंपनी ने सोमवार को 26 सितंबर को समाप्त चौथी तिमाही और पूरे साल के लिए वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही में कुल राजस्व, आईफोन से प्राप्त राजस्व और प्रति शेयर आय के नये रिकॉर्ड बने हैं। साथ ही सेवा से प्राप्त राजस्व भी अबतक के रिकॉर्ड स्तर पर रहा।

कंपनी का तिमाही राजस्व 114.5 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक है। प्रति शेयर आय 2.10 डॉलर पर पहुंच गई। इसमें सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

कंपनी ने प्रति शेयर 0.27 डॉलर के लाभांश की घोषणा की है। कुल मिलाकर 28 अरब डॉलर लाभांश के रूप में वितरित किए जाएंगे। इसका भुगतान 16 नवंबर को किया जाएगा जिसके लिए 12 नवंबर 2026 का शेयरधारिता को आधार बनाया जाएगा।

परिणामों के बाद मीडिया से बात करते हुए एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉन टर्नस ने बताया कि कंपनी ने अमेरिका, यूरोप, चीन और शेष एशिया-प्रशांत क्षेत्रों में सितंबर तिमाही के रिकॉर्ड बनाए। विकसित और उभरते, दोनों तरह के बाजारों में सितंबर तिमाही का राजस्व नये रिकॉर्ड स्तर पर रहा। इसके साथ ही भारत में भी अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

Also Read : शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 1,225 अंक उछला

उन्होंने बताया कि चौथी तिमाही में आईफोन से 57.6 अरब डॉलर की कमाई हुई है जो एक साल पहले के मुकाबले 17 प्रतिशत अधिक है। यह कंपनी की कुल आय का 50 प्रतिशत है। अमेरिका और चीन में दहाई अंक की अच्छी वृद्धि रही जिससे राजस्व रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है।

अमेरिका, चीन और भारत में पुराने फोन से नए फोन पर जाने वाले ग्राहकों के मामले में भी कंपनी ने सितंबर तिमाही का रिकॉर्ड बनाया। अपग्रेडर्स के लिहाज से भी यह कंपनी के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन वित्तीय वर्ष रहा।

श्री टर्नस ने कहा कि कंपनी इस साल का समापन अपने अब तक के सबसे शानदार लाइनअप के साथ कर रही है। इसमें ‘आईफोन डुओ’ भी शामिल है, जो मूल आईफोन के बाद सबसे बड़ा बदलाव लाने वाला आईफोन है। साथ ही आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स भी इस लाइनअप का हिस्सा हैं। पहली बार मैक (डेस्कटॉप) में ‘टच’ सुविधा जोड़ी गई है।

एप्पल के मुख्य वित्तीय अधिकारी केवन पारेख ने कहा कि पूरे साल के दौरान कंपनी का कुल राजस्व 479 अरब डॉलर रहा जो अब तक का रिकॉर्ड है। प्रति शेयर आय में भी दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।

मैक की बिक्री से कंपनी की कमाई 10.8 अरब डॉलर रही जो पिछले साल के मुकाबले 24 प्रतिशत अधिक है। इसमें मैकबुक नियो और मैकबुक प्रो का सबसे अधिक योगदान रहा। सेवाओं से प्राप्त राजस्व 31.6 अरब डॉलर के सर्वकालिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसमें साल-दर-साल 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई। श्री पारेख ने बताया कि लातिन अमेरिका और भारत जैसे कई उभरते बाजारों में सेवाओं से प्राप्त राजस्व का नया रिकॉर्ड बना है।

Pic Credit : UNI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment