घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स दो महीने से अधिक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स 796 अंक चढ़कर 76,288 अंक पर खुला और अंत में 1,225.07 अंक (1.62 प्रतिशत) ऊपर 76,917.85 अंक पर बंद हुआ। इस सप्ताह दो दिन में सेंसेक्स 2,458 अंक चढ़कर गत 01 सितंबर के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक पर बंद हुआ जो 04 सितंबर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।वृहत बाजार में भी सभी सूचकांक हरे निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.14 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.31 फीसदी चढ़ा।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी एफएमसीजी सबसे अधिक 3.65 प्रतिशत चढ़ा। रियल्टी में 2.33 प्रतिशत की तेजी रही। ऑटो, वित्त, रसायन और सीमेंट सेक्टरों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक चढ़े। बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस सेक्टरों में भी अच्छी तेजी रही। सार्वजनिक बैंकों में बिकवाली का जोर रहा। इसके अलावा सिर्फ धातु सेक्टर में गिरावट रही।
Also Read : ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
एनएसई में जिन 3,713 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,127 के शेयरों तेजी और 1,477 में गिरावट रही। अन्य 109 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयर हरे निशान में बंद हुए। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 4.16 प्रतिशत और भारती एयरटेल का चार प्रतिशत चढ़ा। एचडीएफसी बैंक में 3.62 फीसदी, एशियन पेंट्स में 3.53, अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.05, आईसीआईसीआई बैंक में 2.80 और आईटीसी में 2.76 फीसदी की तेजी रही।
टाइटन का शेयर 1.90 प्रतिशत, इंडिगो का 1.85, एक्सिस बैंक का 1.82, मारुति सुजुकी का 1.79, बजाज फिनसर्व का 1.78, इटरनल का 1.73, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.31, बजाज फाइनेंस का 1.24, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.12 और बीईएल का 0.97 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इंफोसिस, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टीसीएस के शेयर भी चढ़ गए।
पावरग्रिड में 2.27 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक में 1.77 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, टाटा स्टील और ट्रेंट के शेयर भी नुकसान में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंग सेंग 0.57 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.82 फीसदी और जापान के निक्केई में 0.33 फीसदी की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.53 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.45 फीसदी नीचे था।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



