Stock Market : एशियाई बाजारों के सकारात्मक रुझान से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर सीडी, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल्स और दूरसंचार समेत चौदह समूहों में हुई लिवाली की बदौलत मंगलवार को शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी तेजी बरकरार रही।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 273.67 अंक की छलांग लगाकर 65,617.84 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 83.50 अंक उछलकर 19,439.40 अंक पर पहुंच गया। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली हुई। इससे मिडकैप 0.88 प्रतिशत की तेजी लेकर 29,121.85 अंक और स्मॉलकैप 0.74 प्रतिशत उठकर 33,285.10 अंक पर रहा।
इस दौरान बीएसई में कुल 3602 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1935 में लिवाली जबकि 1549 में बिकवाली हुई वहीं 118 में कोई बदलाव नहीं हुआ, इसी तरह निफ्टी की 33 कंपनियों में तेजी जबकि शेष 15 में गिरावट रही वहीं दो के भाव स्थिर रहे।
बीएसई के 14 समूहों के प्रति निवेश धारणा मजबूत रही। इस दौरान सीडी 1.15, ऊर्जा 0.86, एफएमसीजी 1.21, हेल्थकेयर 1.13, इंडस्ट्रियल्स 1.56, आईटी 0.67, दूरसंचार 2.05, यूटिलिटीज 0.85, ऑटो 1.34, कैपिटल गुड्स 1.79, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.35, तेल एवं गैस 0.75, पावर 1.34 और टेक समूह के शेयर 0.70 प्रतिशत मजबूत रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलजुला रुख रहा। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.04, हांगकांग का हैंगसैंग 0.97 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.55 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं, यूरोपीय बाजारों में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.33 और जर्मनी का डैक्स 0.01 प्रतिशत फिसल गया। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


