नई दिल्ली। भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने पहली बार वापसी की तारीख बताई है। इससे पहले उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि वे दिसंबर में लौटना चाहती हैं। गौरतलब है कि बांग्लादेश के इतिहास में 16 दिसंबर का बहुत अहम स्थान है। 16 दिसंबर 1971 को ही बांग्लादेश को पाकिस्तान से आजादी मिली थी और एक नए मुल्क का जन्म हुआ था।
एक राजनीतिक मैसेज देने के लिए उन्होंने 16 दिसंबर को वापसी की बात कही है। इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को बताया कि हसीना सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं।
सैयद मोजम्मेल अली ने यह भी कहा कि पांच अगस्त 2024 को हसीना को जिस बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, अब उसी तरह उनकी वापसी का इंतजाम भी सरकार को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हसीना को संविधान के खिलाफ देश से बाहर भेजा गया था। ऐसे में अब उन्हें वापस लाना सरकार की जिम्मेदारी है। हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव पहले से बढ़ा हुआ है। कई जगह हिंसा हो रही है। इसी महीने की शुरुआत में हसीना ने नए पासपोर्ट और दूसरे जरूरी दस्तावेजों के लिए भी आवेदन किया था। हालांकि रहमान सरकार ने उनकी मांग मानने से इनकार कर दिया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



