प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो बिहार के गया से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए नॉन स्टॉप उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि इस सेवा की शुरुआत आगामी 26 अक्टूबर से होगी। यह सप्ताह में दो बार सोमवार और गुरुवार को उपलब्ध होगी।
कंपनी का कहना है कि यह नया मार्ग इंडिगो के भारत-थाईलैंड नेटवर्क को और मजबूत करेगा, तथा सदियों से साझा बौद्ध विरासत से जुड़े इन दो महत्वपूर्ण गंतव्यों के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित करेगा। यह सेवा बिहार की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक विकास को समर्थन मिलेगा।
Also Read : आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन पर फर्नांडो और जायसवाल पर लगा जुर्माना
यात्री इंडिगो की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।
इंडिगो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गया-बैंकॉक मार्ग की शुरुआत से दोनों देशों के बीच यात्रा के विकल्प और बढ़ेंगे। यह सेवा सीधे गया को बैंकॉक से जोड़ेगी। गया में स्थित बोधगया बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। थाईलैंड भी बौद्ध परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। हर साल थाईलैंड और दुनिया के अन्य देशों से बोधगया स्थित प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर आते हैं। यह नयी सीधी सेवा दोनों स्थानों के तीर्थ यात्रियों तथा अन्य पर्यटकों के लिए एक सुविधाजनक और प्रभावी विकल्प उपलब्ध करायेगी।
थाईलैंड भारतीय यात्रियों के लिए सबसे लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों में से एक बना हुआ है। इंडिगो हर सप्ताह भारत और थाईलैंड के बीच 140 से अधिक उड़ानों का परिचालन करती है। बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और भुवनेश्वर से बैंकॉक के लिए उसकी उड़ानें उपलब्ध हैं। इसके अलावा, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता से फुकेट तथा दिल्ली से क्राबी के लिए भी सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




