विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच आईटी कंपनियों में लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 10 महीने से अधिक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स सुबह 363 अंक की बढ़त में खुला और लगभग पूरे दिन हरे निशान में रहा। अंत में यह 390.31 अंक (0.46 प्रतिशत) चढ़कर इस साल 07 जनवरी के बाद के उच्चतम स्तर 84,328.59 अंक पर बंद हुआ। बीच कारोबार में यह नीचे 83,754.66 अंक और ऊपर 84,551.74 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 65.25 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,884.50 अंक पर पहुंच गया। यह 11 फरवरी के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। वृहत बाजार में लिवाली अधिक देखी गई। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.61 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.74 प्रतिशत चढ़ा।
आईटी कंपनियों में लिवाली से निफ्टी आईटी सूचकांक 3.66 प्रतिशत मजबूत हुआ। अमेरिका एनवीडिया के शेयरों में उछाल से इस सेक्टर में तेजी आयी है। रियल्टी सेक्टर का सूचकांक 3.27 फीसदी और धातु का 1.17 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। फार्मा, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और रसायन सेक्टरों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे।
Also Read : डरबन सुपर जायंट्स में लौटे नूर अहमद
टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सूचकांक में 1.33 प्रतिशत की गिरावट रही। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, एफएमसीजी, मीडिया और सीमेंट सेक्टरों में भी बिकवाली हावी रही। एनएसई में जिन 3,724 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,997 के शेयरों में तेजी और 1,607 में गिरावट रही। अन्य 120 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 13 के शेयर ऊपर बंद हुए। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 6.28 फीसदी, टीसीएस का 4.97, इंफोसिस का 4.70 प्रतिशत और टेक महिंद्रा का 3.33 प्रतिशत चढ़ा। चारों आईटी सेक्टर की कंपनियां हैं।एचडीएफसी बैंक में 2.70 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.67, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.77 और एनटीपीसी में 1.14 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। सन फार्मा में भी 0.85 फीसदी की तेजी रही।
नुकसान उठाने वालों में एशियन पेंट्स का शेयर 2.91 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 2.74, बजाज फिनसर्व का 1.67, ट्रेंट का 1.58, आईसीआईसीआई बैंक का 1.49, इंडिगो का 1.39, भारती एयरटेल का 1.22 और मारुति सुजुकी का 1.07 प्रतिशत लुढ़क गया। इटरनल, एक्सिस बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाइटन, अडानी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी लाल निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंग सेंग 1.19 प्रतिशत, जापान का निक्केई 0.86 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.01 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.89 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.54 प्रतिशत ऊपर था।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



