इन दिनों भारतीय अभिनेत्रियां कान्स फिल्म फेस्टिवल में वेस्टर्न ड्रेसेस में अपना जलवा बिखेर रही हैं, वहीं अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने अपने भारतीय लुक से सभी को हैरान कर दिया।
शनिवार को हुमा ने इंस्टाग्राम पर अपने कान्स का लुक शेयर किया, जिसमें वे पारंपरिक बनारसी साड़ी में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने अपने लुक को सुनहरे रंग की पारंपरिक ज्वेलरी और हल्के मेकअप के साथ पूरा किया। अभिनेत्री ने तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “बनारस के घाटों से लेकर फ्रेंच रिवेरा तक। एक ऐसा बुना हुआ परिधान पहनने में कुछ बेहद खास बात है, जो ऐसा महसूस कराता है मानो उसने सदियों का सफर तय किया हो।”
हुमा कुरैशी ने फ्रांस में अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि जहां चारों ओर सिनेमा और कहानियों का बोलबाला है, वहां कुछ ऐसा पहनना जो अपने आप में ही एक कहानी बयां करता हो, एक बेहद ही अलौकिक अनुभव है।
Also Read : फातिमा सना ने रचा इतिहास, महिला टी20 इंटरनेशनल में लगाया सबसे तेज अर्धशतक
उन्होंने लिखा, “मुझे इसकी सबसे अच्छी बात यह लगती है कि यह एक ही समय में दो अलग-अलग रूपों को अपने अंदर समेटे हुए है। एक तरफ इसमें बनारसी बुनाई का पुराना और पारंपरिक अंदाज है, तो दूसरी तरफ इसके डिजाइनों में एक नयापन और आधुनिक टच देखने को मिलता है, जो इसे अनोखा बनाता है।
विदेशी सरजमीं पर उनके इस देसी अंदाज ने न सिर्फ सबका ध्यान खींचा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरी। ताहिरा कश्यप, गायिका अकाशा और अभिनेत्री तिलोतमा समेत कई सेलेब्स ने कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दी।
अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने जल्द ही यश की बहुचर्चित पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में अभिनेत्री ‘एलिजाबेथ’ का किरदार निभा रही हैं। गीतु मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में उनका लुक बेहद रहस्यमयी, शाही और खामोश खतरे से भरपूर है।
यह फिल्म 1940 से 1970 के दशक के बीच गोवा पर आधारित एक डार्क गैंगस्टर ड्रामा है। इसमें क्राइम सिंडिकेट्स, ड्रग तस्करी और सत्ता की लड़ाई दिखाई जाएगी। इस फिल्म में यश के साथ फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
Pic Credit : ANI


