मनोरंजन जगत के सितारे अपनी कला के साथ-साथ फिटनेस को लेकर भी सजग रहते हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मशहूर गायिका नीति मोहन ने चक्रासन करते हुए खास वीडियो शेयर किया।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में नीति मोहन जिम के अंदर बेहतरीन तालमेल और संतुलन के साथ चक्रासन करती नजर आ रही हैं। उनकी यह वीडियो दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। गायिका ने सभी को सलाह देते हुए लिखा, “मेरुदंड (बैकबोन) सीधा रखना है, तो चक्रासन कर लो।”
खुद को फिट रखने के लिए नीति हेल्दी डाइट और रेगुलर वर्कआउट पर काफी ध्यान देती हैं। चक्रासन (जिसे ‘व्हील पोज’ या ऊर्ध्व धनुरासन भी कहा जाता है) एक उन्नत योग मुद्रा है, जिसमें शरीर का आकार एक पहिए (चक्र) या उल्टे धनुष जैसा बन जाता है। यह रीढ़ की हड्डी के लचीलेपन और शरीर की ताकत बढ़ाने के लिए एक बेहतरीन अभ्यास है।
Also Read : 15 साल की उम्र में वैभव की खेल के प्रति जागरूकता कमाल की है: एबी डिविलियर्स
आयुष मंत्रालय के अनुसार, चक्रासन न सिर्फ शरीर को मजबूत और लचीला बनाता है बल्कि मन को भी शांत रखने में मदद करता है। यह आसन नियमित रूप से करने से पोस्चर सुधरता है और रोजमर्रा की थकान भी दूर होती है।
इसके अलावा, चक्रासन के अभ्यास से लचीलेपन को बढ़ावा मिलता है। यह छाती को खोलने में मदद करता है, जिससे सांस लेना आसान हो जाता है। इस आसन के नियमित अभ्यास से थकान और तनाव कम होता है तथा पैरों की मांसपेशियां मजबूत बनती हैं। जो लोग दिनभर सुस्ती या थकान महसूस करते हैं, उनके लिए यह आसन काफी लाभकारी माना जाता है। साथ ही, यह पूरे शरीर में ऊर्जा बढ़ाने और ताजगी बनाए रखने में मदद करता है।
गायिका नीति मोहन आज मनोरंजन जगत का जाना-माना नाम हैं। चैनल वी रियलिटी शो ‘पॉपस्टार्स’ जीतकर अपने करियर की शुरुआत करने वाली नीति ने भले ही फिल्म ‘विकी डोनर’ के गीत ‘सुन रे सुन’ से डेब्यू किया हो, लेकिन असल पहचान उन्हें फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर के गाने ‘इश्क वाला लव’ से मिली थी।
Pic Credit : ANI


