राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘डॉ. हसन’ का ट्रेलर जारी

जियोहॉटस्टार ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा अभिनीत मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी यह सीरीज 11 दिसंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।

यह सीरीज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय अमेरिकी मेडिकल ड्रामा ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है। इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी डॉ. हसन की भूमिका में नजर आएंगे, जो अपनी असाधारण चिकित्सकीय प्रतिभा और जटिल बीमारियों का पता लगाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। वह ऐसे मेडिकल मामलों को सुलझाते हैं, जिनका निदान दूसरे चिकित्सक नहीं कर पाते हैं।

सीरीज में दीया मिर्जा ने अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पलक जैन की भूमिका निभाई है। वह डॉ. हसन की पुरानी सहपाठी हैं और उनकी प्रतिभा के साथ-साथ उनके जटिल स्वभाव को भी अच्छी तरह समझती हैं। डॉ. विवेक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी कहानी का अहम हिस्सा है।

सीरीज में मेडिकल रहस्यों के साथ हास्य, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और मानवीय रिश्तों को भी प्रमुखता दी गई है। प्रत्येक मरीज का मामला एक नई पहेली के रूप में सामने आता है, जिसे सुलझाने के लिए डॉ. हसन अपनी असाधारण बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल करते हैं।

Also Read : प्रियंका कक्कड़ बनीं पंजाब कांग्रेस की मीडिया समन्वयक

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि डॉ. हसन ऐसा किरदार है, जो दूसरों को खुश करने की कोशिश नहीं करता, बल्कि अपने काम में पूरी तरह डूबा रहता है। इस किरदार के विरोधाभासों और उसकी अलग सोच को समझना उनके लिए शानदार अनुभव रहा।

दीया मिर्जा ने कहा कि इस सीरीज की खासियत केवल मेडिकल केस नहीं, बल्कि उनके इर्द-गिर्द विकसित होने वाले रिश्ते भी हैं। डॉ. पलक हसन की प्रतिभा और उनके चुनौतीपूर्ण स्वभाव को समझती हैं। दोनों के बीच पुराना जुड़ाव और अपनापन कहानी को दिलचस्प बनाता है।

निर्देशक रोहन सिप्पी ने कहा कि लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय शो ‘हाउस’ को भारतीय दर्शकों के लिए रूपांतरित करना एक रोमांचक अवसर और बड़ी जिम्मेदारी थी। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा ने अपने किरदारों में गहराई और संवेदनशीलता जोड़ी है।

विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने सीरीज का रूपांतरण और पटकथा लिखी है, जबकि संवाद विराट बसोया ने लिखे हैं। बानीजे एशिया के बैनर तले दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने इसका निर्माण किया है। उल्लेखनीय है कि मूल अमेरिकी सीरीज ‘हाउस’ वर्ष 2004 से 2012 तक आठ सीजन में प्रसारित हुई थी और इसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले थे।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment