राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

लोकसभा चुनाव 2029 की तैयारी शुरू

पंजाब में अकाली दल के साथ भाजपा का गठबंधन सिर्फ 2027 के विधानसभा चुनाव का गठबंधन नहीं है, बल्कि यह 2029 के चुनाव की तैयारी है। भाजपा के शीर्ष नेताओं खास कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अब राज्यों के चुनाव से ज्यादा अगले लोकसभा चुनाव की चिंता है। तभी उन्होंने अगले चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस तैयारी का एक अहम पड़ाव अकाली दल के साथ तालमेल है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और अकाली दल अलग अलग लड़े थे और पंजाब की 13 में से भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली, जबकि अकाली दल को सिर्फ एक सीट मिली। भाजपा को चिंता यह है कि पंजाब में उसे साढ़े 18 फीसदी वोट मिले फिर भी कोई सीट नहीं मिल पाई। अगर नई परिस्थितियों में अकाली दल से एक बेहतर तालमेल हो तो भाजपा पहले से ज्यादा सीट भी लड़ेगी और अच्छी संख्या में उसे सीटें भी मिलेंगे। भाजपा मान रही है कि उसका 15 फीसदी से ऊपर का अपना वोट बैंक उसके साथ रहेगा। अगर चुनिंदा सीटों पर उसको अकाली दल का वोट मिला तो उसे ठीक ठाक सीटें मिल सकती हैं।

ध्यान रहे अगला चुनाव एक एक सीट का चुनाव होगा। भाजपा हर हाल में 240 की अपनी संख्या में सुधार करना चाहती है। इसलिए राज्यों में अभी से तालमेल बनाना शुरू कर दिया है। पंजाब के बाद भाजपा की चिंता का दूसरा प्रदेश महाराष्ट्र है। वहां 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को सिर्फ 17 सीटें मिली थीं। महाराष्ट्र की 48 में से 30 सीटें कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाविकास अघाड़ी ने जीत ली थी। हालांकि उसी साल विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को बड़ी जीत मिली लेकिन भाजपा के नेता इसे निर्णायक नहीं मान रहे हैं। उनको चिंता है कि कहीं 2029 के चुनाव में फिर 2024 जैसा परिणाम आया तो क्या होगा। तभी तीन पार्टियों भाजपा, शिव सेना और एनसीपी के गठबंधन नें एक्स फैक्टर के तौर पर शरद पवार को जोड़ने की तैयारी है। अगले कुछ दिन में इस मामले में स्थिति स्पष्ट होगी।

भाजपा के लिए मुश्किल वाला तीसरा प्रदेश पश्चिम बंगाल रहा था। तभी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भी भाजपा चुप नहीं बैठी है। उसने ममता बनर्जी की पार्टी तोड़ी और उसके सांसदों को एक अलग पार्टी में भेजा। ममता के विधायकों को तोड़ कर उनके जरिए तृणमूल कांग्रेस पर दूसरे गुट का नियंत्रण बनवाया गया। ऐसे ही तमिलनाडु में एमके स्टालिन से भाजपा की बातचीत सिर्फ महिला आरक्षण विधेयक पर समर्थन तक या परिसीमन बिल पास कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़ा है। भाजपा वहां एक मजबूत गठबंधन चाहती है ताकि अगले लोकसभा चुनाव में उसकी अपनी और एनडीए की भी स्थिति मजबूत रहे।

अगर राज्यों के चुनाव की बात करें तो भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश है। पार्टी किसी भी हाल में यूपी का चुनाव हारना अफोर्ड नहीं कर सकती है। इसलिए भले कितनी भी कहानियां चलें कि योगी और शाह में विवाद है या मोदी 2024 की हार का बदला लेंगे और योगी को निपटाएंगे, उनका कोई मतलब नहीं है। भाजपा को हर हाल में उत्तर प्रदेश जीतना है क्योंकि वहां हारने का मतलब है कि अगले दो साल के लिए नरेंद्र मोदी लेम डक पीएम हो जाएंगे। पार्टी के अंदर साख खत्म होगी और सहयोगी पार्टियां तेवर दिखाने शुरू करेंगी। नए सहयोगियों को जोड़ना भाजपा के लिए मुश्किल हो जाएगा। इसलिए फरवरी 2027 का यूपी चुनाव जीतने के लिए भाजपा पूरा दम लगाएगी।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment