गुरू नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर को अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन का ऐलान हुआ। इस मौके की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें गठबंधन का ऐलान कर रहे पांच बड़े नेताओं के पीछे की कतार में सुनील जाखड़ खड़े हैं। हाथ उठाने के लिए भी उनको आगे नहीं लाया गया। सोचें, सुनील जाखड़ एक समय पंजाब में कांग्रेस का हिंदू चेहरा था। लोकसभा के स्पीकर रहे दिग्गज नेता बलराम जाखड़ के बेटे सुनील जाखड़ का दबदबा था। वे कैप्टेन अमरिंदर सिंह के सबसे करीबी तो थे ही दिल्ली में भी कांग्रेस के शीर्ष नेता उनको पसंद करते थे।
वे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से एक थे। लेकिन भाजपा में जाने के बाद उनका महत्व लगभग पूरी तरह से समाप्त हो गया है। न तो गठबंधन बनाने में उनको पूछा गया और न आगे कोई भूमिका होनी है। अबोहर में अपने परिवार के लिए सीटें ले लें वही बड़ी बात होगी। ऐसे ही रवनीत सिंह बिट्टू को राहुल गांधी की टीम का नेता माना जाता था। वे भाजपा में जाकर लोकसभा का चुनाव हार गए। थोड़े समय के लिए केंद्र में मंत्री रहे लेकिन अब वहां से भी हटा दिए गए हैं और पंजाब की राजनीति में अभी हाशिए पर हैं। हो सकता है कि विधायक का चुनाव लड़ें। ऐसे ही सबसे बड़े नेता कैप्टेन अमरिंदर सिंह की कोई भूमिका नहीं दिख रही है। भाजपा और अकाली दल के गठबंधन के सबसे बड़े पैरोकार रहे अमरिंदर सिंह घोषणा के समय नदारद थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



