राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सीटों का सम्माननजक समझौता क्या होगा

Rahul Gandhi Akhilesh Yadav

कांग्रेस पार्टी के नेता कह रहे हैं कि बहुत जल्दी समाजवादी पार्टी के साथ सीटों का सम्मानजनक समझौता हो जाएगा। हालांकि राजनीति में सम्मानजनक की कोई परिभाषा नहीं है। एक गठबंधन में किसी पार्टी को 20 सीटें मिलने पर अपमान महसूस होता है लेकिन दूसरे गठबंधन में 10 सीटें मिलना सम्मानजनक माना जाता है। जाहिर है कि सम्मान की सबकी अपनी अपनी परिभाषा है। अब कांग्रेस का जब समाजवादी पार्टी के साथ समझौता हो जाएगा तब पता चलेगा कि उसके लिए सम्मानजनक की क्या परिभाषा है। कांग्रेस ने अपनी ओर से 181 सीटों का दावा किया था। कई जिले और लोकसभा सीटें ऐसी थीं, जिनकी सभी सीटें कांग्रेस ने मांगी थी। समाजवादी पार्टी ने भी उनकी मांग सुन कर चुप्पी साध ली थी। अब पहले दो दिन की वार्ता में कांग्रेस 130 के आसपास सीटों पर बात कर रही है। कहा जा रहा है कि बुधवार को तीसरे दौर की वार्ता हो सकती है, जिसमें कांग्रेस और नीचे आएगी। उसके बाद एक अनुमानित सूची बनाई जाएगी, जिस पर सपा की ओर से अखिलेश यादव और कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा बात करेंगे।

कांग्रेस के जानकार सूत्रों का कहना है कि इसी वजह से प्रियंका को सीटों की वार्ता करने वाली कमेटी से हटाया गया। इससे पहले 15 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर कांग्रेस नेताओं की जो बैठक हुई थी उसमें तय हुआ था कि कांग्रेस की वार्ता करने वाली टीम का नेतृत्व प्रियंका करेंगी। यह भी तय हुआ था कि कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी उनके साथ होंगे। उस समय वार्ता 17 नवंबर को होनी थी, जो टल गई। 23 नवंबर को पहली वार्ता हुई उससे एक दिन पहले तक कहा जा रहा था कि प्रियंका रहेंगी। लेकिन वार्ता में वे शामिल नहीं हुईं। कहा जा रहा है कि सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला करने के लिए जब अखिलेश यादव के साथ बातचीत होगी तब वे उसमें राहुल गांधी के साथ शामिल होंगी।

जानकार सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने ऐसी सीटों की सूची भी सपा को दी है, जहां मुस्लिम, यादव और दलित मतदाताओं की संख्या अच्छी खासी है। हालांकि इन सीटों पर कांग्रेस पिछले कई चुनावों में कुछ खास नहीं कर पाई है लेकिन इस बार उसको लग रहा है कि अगर सपा के साथ अलायंस में ये सीटें उसको मिलती हैं वह जीत सकती है। असल में कांग्रेस भी ऐसी सीटें ज्यादा चाहती है, जहां ‘इंडिया’ ब्लॉक का समीकरण काम कर सके। दूसरी ओर अखिलेश यादव की पार्टी भी ऐसी ही सीटों पर नजर ग़ड़ाए हुए है। कांग्रेस का यह भी कहना है कि लोकसभा चुनाव में सपा ने भले उसे 17 सीटें थीं, लेकिन ज्यादातर सीटें ऐसी थीं, जिन पर भाजपा का सामाजिक समीकरण मजबूत था। खुद सपा ऐसी सीटों पर लड़ी, जहां ‘इंडिया’ ब्लॉक का सामाजिक समीकरण मजबूत था। इस बार कांग्रेस ऐसी सीटों में हिस्सेदारी चाहती है। उसे सिर्फ संख्या से मतलब नहीं है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस को अगर जीत सकने वाली सीटों में हिस्सेदारी मिलती है तो वह सीटों की संख्या पर दबाव नहीं बनाएगी। यानी कांग्रेस के लिए सम्मानजनक समझौता एक सौ से ज्यादा सीटें हासिल होना नहीं है। उसे जीत सकने वाली ज्यादा सीटें चाहिए। यह देखना होगा कि सपा अपने मजबूत समीकरण वाले इलाकों यानी अवध, रूहेलखंड और पूर्वांचल में कांग्रेस को कितनी सीटें देती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश मे सीट बंटवारे में समस्या नहीं आने वाली है।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment