nayaindia Nitish Kumar Amit shah नीतीश ने शाह के सामने रखी विशेष राज्य की मांग

नीतीश ने शाह के सामने रखी विशेष राज्य की मांग

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रविवार को मुलाकात हुई। पटना में अमित शाह की अध्यक्षता में हुई 26वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार शामिल हुए और उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी बैठक में शामिल हुए। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों को भी बैठक में शामिल होना था। लेकिन इन तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री बैठक में नहीं शामिल हुए। उनकी जगह दो-दो मंत्री बैठक में शामिल हुए।

बैठक में पूर्वी क्षेत्र के विकास और नक्सलवाद की समस्या से निपटने पर जोर दिया गया। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में बिहार सरकार ने गृह मंत्री अमित शाह के सामने कई महत्वपूर्ण मांगे रखीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अमित शाह के सामने विशेष राज्य के दर्जे का मुद्दे को उठाते हुए इसे बिहार की जरूरत बताया। साथ ही बिहार में आरक्षण के दायरे बढ़ाने के बाद उसे नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की। वहीं, जल संसाधन मंत्री संजय झा ने अमित शाह से नेपाल के पास हाई डैम बनाने की मांग की। जिससे की बिहार में बाढ़ में कमी आए। इस पर अमित शाह ने उनसे डिटेल मांगी।

आधिकारिक बैठक समाप्त होने के बाद अमित शाह स्टेट गेस्ट हाउस चले गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनकी अनौपचारिक बातचीत नहीं हुई। स्टेट गेस्ट हाउस में अमित शाह ने बिहार प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के सदस्योंके साथ बैठक की। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पार्टी के महामंत्री शामिल हुए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें