नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिला सम्मान योजना के तहत दिल्ली की वयस्क महिलाओं को प्रति महीने एक हजार रुपए देने की घोषणा की है। कई राज्यों में इस तरह की योजना चल रही है। आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में भी ऐसी योजना चला रही है। सोमवार को दिल्ली सरकार ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 76 हजार करोड़ रुपे का बजट पेश किया। इस दौरान वित्त मंत्री आतिशी ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की।
आतिशी ने अपना पहला बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की घोषणा की। इसके तहत 18 साल और इससे अधिक उम्र की उन महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जाएंगे, जो सरकारी नौकरी में नहीं हैं या आयकर नहीं भरती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के लिए दो हजार करोड़ रुपए आवंटित किया गया है। दिल्ली में रहने वाली महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
रामराज्य की तर्ज पर बजट पेश करने का दावा करते हुए आतिशी ने कहा- इस सदन में मौजूद सभी लोग भगवान राम से प्रेरित हैं। हम पिछले नौ साल से राम राज्य का सपना पूरा करने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। हमने दिल्ली के लोगों को खुशहाली देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा- 2014 में दिल्ली की जीएसडीपी 4.95 करोड़ थी और पिछले 10 साल में ये करीब ढाई गुना बढ़कर 11.08 लाख करोड़ हो गई है। प्रति व्यक्ति आय 2014 में 2.47 लाख सालाना थी और अब ये 4.62 लाख हो गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



