हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले, मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा विधायकों ने राज्य में ‘हिमकेयर’ और ‘सहारा’ स्वास्थ्य योजनाओं को कथित रूप से कमजोर किए जाने के खिलाफ नारे लगाए और तख्तियां लहराईं। वहीं, कांग्रेस विधायकों ने केंद्र की सत्ता में काबिज भाजपा को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरा।
सदन के बाहर भाजपा विधायकों के प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर कटाक्ष किया और कहा कि पार्टी को जल्द ही विपक्ष में बैठने की तैयारी करनी चाहिए क्योंकि अगले चुनाव में जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।
ठाकुर ने कहा कि 2019 में भाजपा सरकार के दौरान शुरू की गई ‘हिमकेयर’ योजना से राज्य का हर बच्चा परिचित है और इसके तहत मिलने वाली मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाखों लोग लाभ उठा रहे हैं।
Also Read : युवा कांग्रेस का भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च, गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की
वहीं, कांग्रेस ने महंगाई और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। सत्तारूढ़ दल के विधायकों के प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा देश और राज्य के सामने मौजूद गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष को देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ेगी और विपक्ष को सत्ता में लौटने का ‘‘सपना देखना बंद कर देना चाहिए। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भाजपा और कांग्रेस के बीच ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर भी टकराव हुआ है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




