राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

झारखंड राज्यसभा चुनाव: इंडिया ब्लॉक उम्मीदवार बैजनाथ राम-प्रणव झा ने भरा नामांकन

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए सत्तारूढ़ इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने गठबंधन के शीर्ष नेताओं और विधायकों की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। 

नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य सरकार के कई मंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजद के विधायक मौजूद रहे।

इस मौके पर गठबंधन ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर जीत का दावा दोहराया। नामांकन से पहले गठबंधन के सभी नेता और विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचे। राजनीतिक पर्यवेक्षक इसे राज्यसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन और विधायकों की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।

Also Read : आर्टेमिस-III की तैयारी में जुटा नासा

राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर उम्मीदवार चयन को लेकर चर्चाएं और मतभेद सामने आए थे। कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद झामुमो के कुछ नेताओं ने दोनों सीटों पर पार्टी का दावा जताया था। हालांकि बाद में शीर्ष स्तर पर हुई बातचीत के बाद गठबंधन ने साझा रणनीति अपनाई और दोनों दलों के प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बनी।

इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई गठबंधन विधायकों की बैठक में भी बैजनाथ राम और प्रणव झा को संयुक्त रूप से समर्थन देने का फैसला लिया गया था। बैठक के बाद गठबंधन नेताओं ने दावा किया था कि उनके पास दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद है।

झामुमो और कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं और चुनाव में किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग की आशंका नहीं है।

दूसरी ओर, भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों के साथ नामांकन करने विधानसभा पहुंच चुके हैं। झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Pic Credit : ANI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one + 10 =